&format=webp&quality=medium)
पीएम मोदी का संवैधानिक पद पर 20 साल का कार्यकाल पूरा हो रहा है. (फाइल फोटो: पीटीआई)
PM Modi to visit Kedarnath: पीएम नेंरद्र मोदी का वैधानिक पद पर 20 साल का कार्यकाल पूरा होने वाला. इस मौके पर वो बाबा केदारनाथ के मंदिर जाकर उनका आशीर्वाद लेंगे. वहीं इस दौरे पर वो उत्तराखंड को कई सौगात भी देने वाले हैं. आपको बता दें कि 7 अक्टूबर को पीएम मोदी का संवैधानिक पद पर 20 साल का कार्यकाल पूरा हो रहा है.
संवैधानिक पद पर 20 साल हो रहा पूरा
वैसे तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सामाजिक और राजनीतिक करियर 70 के दशक में ही शुरू हो गया था, लेकिन गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर वो पहली बार 7 अक्टूबर 2001 को संवैधानिक पद पर बैठे थे. 2014 तक लगातार 3 विधानसभा चुनाव जीतकर मोदी राज्य के मुख्यमंत्री बनते रहे और 2014 में लोकसभा का चुनाव जीतने के बाद प्रधानमंत्री बनकर दिल्ली आ गए. 2019 में दूसरी बार लोकसभा का चुनाव जीतकर वो दोबारा देश के प्रधानमंत्री बने. 7 अक्टूबर, 2021 को संवैधानिक पद पर उनका कुल 20 साल का कार्यकाल पूरा हो रहा है (पहले गुजरात के मुख्यमंत्री और उसके बाद देश के प्रधानमंत्री के रूप में).
उत्तराखंड को देंगे कई सौगात
इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बाबा केदारनाथ के मंदिर जाकर उनका दर्शन पूजन करेंगे और बाबा का आशीर्वाद लेंगे. भाजपा के एक नेता ने न्यूज एजेंसी आईएएनएस को बताया कि प्रधानमंत्री बाबा केदार के बहुत बड़े भक्त है और इसलिए इस महत्वपूर्ण अवसर पर वो उनका आशीर्वाद लेने के लिए जा रहे हैं. उनके दौरे से राज्य में चुनावी लाभ मिलने के सवाल पर जवाब देते हुए भाजपा नेता ने कहा कि निश्चित तौर पर प्रधानमंत्री सबसे लोकप्रिय नेता हैं और हमारे स्टार प्रचारक भी. उत्तराखंड की जनता उन्हें बहुत पसंद करती है. आपको बता दें कि 7 अक्टूबर को उत्तराखंड दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी बाबा केदार के दर्शन के साथ-साथ राज्य की जनता के लिए कई योजनाओं का लोकार्पण और उद्घाटन भी करेंगे. उनका एक जनसभा को भी संबोधित करने का कार्यक्रम है.
ऋषिकेश में जनसभा को करेंगे संबोधित
पहाड़ी राज्य के दौरे के दौरान पीएम मोदी ऋषिकेश के एम्स अस्पताल में एक ऑक्सीजन प्लांट का उद्घाटन करेंगे और इसके साथ ही देहरादून के जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पर एक टर्मिनल का भी लोकार्पण करेंगे. ऋषिकेश में वो एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे. आपको बता दें कि उत्तराखंड में कुछ ही महीनों बाद (2022 में) विधानसभा चुनाव होना है. भाजपा राज्य में हर 5 साल में सरकार बदलने की परंपरा को तोड़ते हुए इस बार लगातार दूसरी बार जीत कर सरकार बनाना चाहती है. इस लिहाज से भी उनके दौरे को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
Zee Business Hindi Live यहां देखें