&format=webp&quality=medium)
Rishabh Pant vs Sanju Samson: ऋषभ पंत ने 4 पारियों में बनाए सिर्फ 42 रन, यहां देखिए संजू सैमसन की तुलना में कैसा है रिकॉर्ड
टीम इंडिया (Team India) के लिए शायद अभी कुछ भी अच्छा नहीं चल रहा है. एक तरफ खिलाड़ियों के खराब प्रदर्शन की वजह से टीम को हार का सामना करना पड़ रहा है तो दूसरी तरफ टीम मैनेजमेंट को खिलाड़ियों के चयन को लेकर काफी आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है. भारतीय क्रिकेट टीम में खिलाड़ियों के चयन को लेकर चल रही हलचल का मुख्य केंद्र ऋषभ पंत और संजू सैमसन हैं. न्यूजीलैंड (New Zealand) के दौरे पर गई टीम इंडिया ने संजू सैमसन (Sanju Samson) को भी स्क्वॉड में जगह दी थी लेकिन उन्हें सिर्फ 1 मैच में मौका दिया गया. वहीं दूसरी ओर, ऋषभ पंत (Rishabh Pant) को कई मौके मिलने के बाद भी अच्छा प्रदर्शन नहीं किया.
क्रिकेट फैंस का आरोप है कि बीसीसीआई (BCCI) संजू सैमसन के साथ भेदभाव कर रही है और ऋषभ पंत की तुलना में बेहतर प्रदर्शन करने के बावजूद उन्हें प्लेइंग 11 में जगह नहीं दी जा रही है. बताते चलें कि न्यूजीलैंड के दौरे के लिए संजू सैमसन को टी20 और वनडे दोनों सीरीज के लिए स्क्वॉड में शामिल किया गया था लेकिन उन्हें सिर्फ 1 टी20 मैच में ही खेलने का मौका मिला.
संजू सैमसन ने न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए पहले टी20 मैच में 36 रनों की पारी खेली थी. वहीं दूसरी ओर अगर ऋषभ पंत की बात करें तो उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ 2 टी20 मैचों में सिर्फ 17 रन बनाए थे. इतना ही नहीं, ऋषभ ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 3 वनडे मैचों की 2 पारियों में कुल 25 रन ही बनाए थे. यानी, पंत ने न्यूजीलैंड के दौरे पर खेली गई कुल 4 पारियों (2 टी20 और 2 वनडे) में कुल 42 रन बनाए.
ऋषभ पंत ने अभी तक खेले गए कुल 30 टी20 मैचों की 56 पारियों में 22.43 की औसत और 126.37 की स्ट्राइक रेट से 987 रन बनाए हैं. टी20 में ऋषभ पंत के नाम 3 अर्धशतक हैं. वहीं दूसरी ओर संजू सैमसन ने 16 मैचों की 15 पारियों में 21.14 की औसत और 135.15 की स्ट्राइक रेट से 296 रन बनाए हैं, जिनमें 1 अर्धशतक शामिल है.