&format=webp&quality=medium)
GeT&D India Ltd Q3 Results: पावर ट्रांसमिशन एंड डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी जीई टीएंडडी इंडिया ने अपने तीसरी तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं. कंपनी का चालू वित्त वर्ष 2023-24 की तीसरी (अक्टूबर-दिसंबर) तिमाही के नेट प्रॉफिट में बड़ा उछाल आया है. तीसरी तिमाही में कंपनी का शुद्ध मुनाफा 49.4 करोड़ रुपए रहा है. कंपनी को इस तिमाही में कई बड़े पावर ग्रिड के ऑर्डर मिले हैं. इसका असर कंपनी के नतीजों में भी दिख रहा है.
जीई टीएंडडी इंडिया की ओर से शेयर बाजार के लिए जारी बयान के अनुसार, समीक्षाधीन तीमाही में कंपनी का रेवेन्यू आठ फीसदी बढ़कर 840 करोड़ रुपए रहा है. कंपनी का मुनाफा 49.40 करोड़ रुपये (GeT&D India Ltd Q3 PAT) रहा जो 2022 की समान अवधि में 4.7 करोड़ रुपए था. तीसरी तिमाही में कंपनी का कारोबारी मुनाफा (GeT&D India Ltd EBITDA) 92 करोड़ 30 लाख रुपए था. पिछले साल समान तिमाही के मुकाबले इसमें 11 फीसदी का उछाल आया है. साल 2022 में दिसंबर तिमाही में कंपनी का कामकाजी मुनाफा 39.1 करोड़ रुपए था.
जीई टीएंडडी इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ संदीप जनजारिया ने कहा, ‘जैसे-जैसे वैश्विक ऊर्जा बदलाव की गति तेज हो रही है और भारत इस बदलाव का नेतृत्व कर रहा है. हमारी तीसरी तिमाही की ऑर्डर बुक में घरेलू और निर्यात दोनों के संदर्भ में मांग में वृद्धि देखी गई है.’ कंपनी को इस तिमाही में 11 बड़े ऑर्डर मिले हैं. जीई टीएंडडी इंडिया बिजली पारेषण तथा वितरण व्यवसाय में एक अग्रणी कंपनी है. भारत में यह 100 वर्षों से अधिक समय से मौजूद है.
सोमवार को बाजार बंद होने के बाद जीई टीएंडडी इंडिया का शेयर 2.95 फीसदी की गिरावट के साथ बंद हुआ था. हालांकि, पिछले एक साल में कंपनी के स्टॉक ने निवेशकों को 494.05 फीसदी का रिटर्न दिया है. कंपनी का बाजार पूंजीकरण 17.67 हजार करोड़ रुपए है.