EXCLUSIVE! बैंक ग्राहकों के लिए खुशखबरी, अगले महीने ATM चार्ज घटा सकता है RBI

NEFT और RTGS से दूसरे खाते में पैसे ट्रांसफर करने पर लगने वाले चार्ज को खत्म करने के बाद अब एटीएम चार्ज की समीक्षा की गई है.
EXCLUSIVE! बैंक ग्राहकों के लिए खुशखबरी, अगले महीने ATM चार्ज घटा सकता है RBI

आरबीआई जल्द ही दूसरे बैंक के एटीएम से पैसा निकालने पर लगने वाला चार्ज घटा सकता है. (फाइल फोटो)

बैंक ग्राहकों को जल्द ही एक और राहत भरी खबर मिल सकती है. आरबीआई जल्द ही दूसरे बैंक के एटीएम से पैसा निकालने पर लगने वाला चार्ज घटा सकता है. NEFT और RTGS से दूसरे खाते में पैसे ट्रांसफर करने पर लगने वाले चार्ज को खत्म करने के बाद अब एटीएम चार्ज की समीक्षा की गई है. आरबीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, जल्दी ही सेंट्रल बैंक इस पर कोई आखिरी फैसला ले सकता है. एटीएम चार्ज की समीक्षा को लेकर बनाई गई समिति अपनी रिपोर्ट जल्द सौंप सकती है.

अगस्त में आ सकती है रिपोर्ट
सूत्रों के मुताबिक, एटीएम चार्ज को पूरी तरह नहीं हटाया जाएगा. बल्कि इसे घटाने पर विचार हो रहा है. एटीएम उपभोक्ताओं को राहत देने के समिति ने अपने कुछ सुझाव तैयार किए हैं. जल्द ही इसकी रिपोर्ट आरबीआई को सौंपी जाएगी. सूत्रों ने बताया कि समिति ने इस आधार पर इंटरचेंज फीस स्ट्रक्चर की समीक्षा की है कि पिछले कुछ समय में एटीएम का इस्तेमाल कितना बढ़ा है. सूत्रों की मानें तो समिति अपनी पहली रिपोर्ट अगस्त महीने में सौंप सकती है. इस रिपोर्ट में समिति के सुझाव होंगे. समिति के प्रतिनिधि यह सुझाव देंगे कि चार्ज घटाया जाना चाहिए या नहीं और अगर घटाया जाए तो कितना घटाया जाना चाहिए.

क्या है इंटरचेंज फीस स्ट्रक्चर
इंटरचेंज फीस स्ट्रक्चर के फीस स्ट्रक्चर से ही तय होता है कि दूसरे बैंक का एटीएम इस्तेमाल करने पर उपभोक्ता को कितना चार्ज चुकाना होगा. फिलहाल, दूसरे बैंक के एटीएम से ट्रांजेक्शन पर एक तय संख्या तक कोई चार्ज नहीं लिया जाता है. इस सीमा के पार होने पर बैंक फीस वसूलते हैं. हर बैंक ने इसके लिए अपना स्ट्रक्चर तय किया हुआ है.

Add Zee Business as a Preferred Source

कितना लगता है चार्ज
अगर ICICI बैंक की बात करें तो अभी मेट्रो शहरों में महीने की पहली तीन ट्रांजेक्शन पर कोई चार्ज नहीं लगता है. वहीं, दूसरे शहरों में पांच ट्रांजेक्शन तक फ्री हैं. इसके बाद प्रति ट्रांजेक्शन 20 रुपए की फीस वसूली जाती है. नॉन-फाइनेंशियल ट्रांजेक्शन पर यह 8.50 रुपए है. बैंक की वेबसाइट से इसका पता चलता है.

SBI भी वसूलता है 20 रुपए
देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक एसबीआई में छह बड़े मेट्रो शहरों में महीने के तीन ट्रांजेक्शन मुफ्त होते हैं. दूसरी जगह पर महीने के पहले पांच ट्रांजेक्शन मुफ्त होते हैं. इसके बाद बैंक 20 रुपए (जीएसटी अतिरिक्त) की दर से ट्रांजेक्शन चार्ज लिया जाता है. वहीं, नॉन-फाइनेंशियल ट्रांजेक्शन पर 8 रुपए (जीएसटी अतिरिक्त) वसूलता है.

कौन-कौन है समिति में शामिल
समिति में इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) के सीईओ वीजी कनन के अलावा, नेशनल पेमेंट कॉरपोरेशन के सीईओ दिलीप असबे, एसबीआई के सीजीएम गिरी कुमार नायर, एचडीएफसी बैंक के लाइबिलिटी प्रोडक्ट के ग्रुप हेड एस सम्पत कुमार, कन्फेडरेशन ऑफ एटीएम इंडस्ट्री के डायरेक्टर के श्रीनिवास और टाटा कम्युनिकेशंस पेमेंट सॉल्यूशंस के सीईओ संजीव पटेल शामिल हैं.

  1. 1
  2. 2
  3. 3
  4. 4
  5. 5
  6. 6