&format=webp&quality=medium)
IPL 16 Liam Livingstone injury update: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 16वें सीजन के आगाज से पहले खिलाड़ियों पर चोट का साया मंडरा रहा है. एक के बाद एक दिग्गज खिलाड़ी के चोटिल होने से कई बड़ी फ्रेंचाइजी को झटका लग रहा है. अब इंग्लैंड के पावर हिटिंग बल्लेबाज लियाम लिविंगस्टोन पंजाब किंग्स के पहले मुकाबले से बाहर हो सकते हैं. लियाम घुटने की चोट से उबर रहे हैं. उन्हें फिलहाल इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड की तरफ से फिटनेस क्लीयरेंस नहीं मिला है.
पंजाब किंग्स का पहला मुकाबला एक अप्रैल 2023 को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ है. लियाम लिविंगस्टोन को दिसंबर 2022 में घुटने की चोट लगी थी. पाकिस्तान के खिलाफ अपना टेस्ट डेब्यू मैच खेलने के दौरान वह चोटिल हुए थे. इसके बाद से ही उन्होंने कोई भी मैच नहीं खेला. आईपीएल से जुड़े एक सूत्र ने पीटीआई को बताया कि 29 साल के लियाम लिविंगस्टोन आईपीएल 16 का पहला मैच शायद नहीं खेलेंगे. ईसीबी उनके कई स्कैन्स कर रही है, जिसके बाद उनकी फिटनेस की स्थिति के बारे में कुछ कहा जा सकता है.
आईपीएल से जुड़े सूत्रों के मुताबिक दूसरे मैच में लियाम वापसी कर सकते हैं. लंबे-लंबे शॉट लगाने और गेंदबाजी करने के कारण लिविंगस्टोन पंजाब किंग्स की टीम की एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं. उन्होंने बुधवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह नेट्स पर बल्लेबाजी करते हुए नजर आ रहे हैं. आईपीएल 15 में लियाम लिविंगस्टोन ने 14 मैच में 36.42 की औसत से 437 रन बनाए थे. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 182.08 का रहा था. बल्ले के अलावा गेंद से उन्होंने छह विकेट्स झटके थे.
लियाम लिविंगस्टोन के अलावा दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा भी पंजाब किंग्स की तरफ से केकेआर के खिलाफ पहला मुकाबला नहीं खेलेंगे. वह शुक्रवार को अपनी नेशनल टीम की तरफ से वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाला आखिरी टी20 मैच खेलेंगे. रबाडा तीन अप्रैल को भारत पहुंचेंगे. वह राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ होने वाले मैच से चयन के लिए उपलब्ध होंगे.