अब 111 रुपए में मिलेगा नया SIM, देश की सबसे बड़ी कंपनी ने लगाया शुल्‍क

वोडाफोन आइडिया (Vodafone-Idea) अपने घाटे को कम करने के लिए नया प्रस्‍ताव लेकर आई है. कंपनी ARPU (एवरेज रेवेन्‍यू पर यूजर) को बढ़ाने के लिए अब नए सिम कनेक्‍शन पर ज्‍यादा चार्ज वसूलेगी.
अब 111 रुपए में मिलेगा नया SIM, देश की सबसे बड़ी कंपनी ने लगाया शुल्‍क

111 रुपए खर्च करने पर ही ग्राहक को नया सिम इश्‍यू होगा. (फोटो : PTI)

कस्‍टमर बेस के मामले में देश की सबसे बड़ी दूरसंचार कंपनी वोडाफोन आइडिया (Vodafone-Idea) अपने घाटे को कम करने के लिए नया प्रस्‍ताव लेकर आई है. कंपनी ARPU (एवरेज रेवेन्‍यू पर यूजर) को बढ़ाने के लिए अब नए सिम कनेक्‍शन पर ज्‍यादा चार्ज वसूलेगी. नए सिम की बढ़ी हुई कीमत कंपनी के सभी 22 सर्किलों में लागू होगी.

कितनी चुकानी होगी कीमत
कंपनी का कहना है कि नया सिम लेने के लिए ग्राहक को अब 76 रुपए खर्च करने होंगे. साथ ही उन्‍हें 28 दिन की वैलिडिटी के लिए 35 रुपए भी खर्च करने होंगे. यानि 111 रुपए खर्च करने पर ही ग्राहक को नया सिम इश्‍यू होगा.

पहले ऐसे बढ़या ARPU
कंपनी ने ARPU बढ़ाने के लिए आजीवन फ्री इनकमिंग की सुविधा बंद कर दी थी. कंपनी का कहना है कि अगर किसी ग्राहक को सिर्फ इनकमिंग के लिए कनेक्‍शन रखना है तो उसे हर 28 दिन पर न्‍यूनतम 35 रुपए खर्च करने होंगे. फाइनेंशियल टाइम्‍स की खबर के मुताबिक Airtel ने भी अपने ग्राहकों को मुफ्त इनकमिंग जारी रखने के लिए न्‍यूनतम 35 रुपए का रिचार्ज कराने को कहा था. जिन ग्राहकों ने तय सीमा के बाद यह रिचार्ज नहीं कराया, उनकी इनकमिंग बंद कर दी गई थी.

Add Zee Business as a Preferred Source

5,005.7 करोड़ रुपये का हुआ घाटा
कंपनी को चालू वित्त वर्ष की दिसंबर, 2018 में समाप्त तीसरी तिमाही में 5,005.7 करोड़ रुपये का एकीकृत घाटा हुआ है. 1 साल पहले समान तिमाही में कंपनी को 1,284.5 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था. हालांकि, दोनों वित्त वर्षों के आंकड़ों की तुलना नहीं हो सकती क्योंकि वोडाफोन आइडिया का विलय 31 अगस्त, 2018 को पूरा हुआ था. हालांकि, तिमाही दर तिमाही आधार पर कंपनी का घाटा बढ़ा है.

तिमाही के दौरान कंपनी की कुल आय 11,982.8 करोड़ रुपये रही जो जुलाई-सितंबर तिमाही के 7,878.6 करोड़ रुपये के आंकड़े से 52 प्रतिशत अधिक है. वोडाफोन आइडिया के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) बालेश शर्मा ने कहा कि तिमाही की शुरुआत में जो कदम उठाए गए थे तिमाही समाप्त होते होते उसके उत्साहवर्धक नतीजे दिखाई दिए. शर्मा ने कहा कि एकीकरण के मोर्चे पर हम उम्मीद से अधिक तेजी से बढ़ रहे हैं, विशेषरूप से नेटवर्क के मोर्चे पर. 1 साल पहले समान तिमाही में कंपनी की कुल आय 6,551.6 करोड़ रुपये रही.