&format=webp&quality=medium)
फैशन और लाइफस्टाइल के D2C ब्रांड Styched ने हाल ही में एक बड़ी डील की है. इसके तहत कंपनी ने कपड़ों के ब्रांड Zymrat का अधिग्रहण (Acquisition) किया है. यह डील कैश और इक्विटी के तहत हुई है. Styched ने अभी आधिकारिक रूप से ये नहीं बताया है कि यह डील कितने रुपये में हुई है, लेकिन कंपनी ने साफ कहा है कि उसने Zymrat की पूरी टीम का अधिग्रहण कर लिया है. Styched ने कुछ समय पहले ही शार्क टैंक इंडिया (Shark Tank India) में आए स्नीकर ब्रांड Flatheads का अधिग्रहण किया था.
Zymrat की शुरुआत साल 2018 में अंकिता रीवा और उज्ज्वल अस्थाना ने की थी. कंपनी का दावा है कि उसका एनुअल रिकरिंग रेवेन्यू यानी एआरआर (ARR) 1 मिलियन डॉलर यानी करीब 8.3 करोड़ रुपये है. इस अधिग्रहण की डील से Zymrat का फोकस अपनी प्रोडक्ट लाइन को बढ़ावा देना और अपने प्रोडक्ट की कीमत घटाकर अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचना है. अब भले ही Zymrat को Styched की तरफ से मैनेज और ऑपरेट किया जाएगा, लेकिन इसके कर्मचारी पहले की तरह की काम करते रहेंगे.
Styched ने कुछ समय पहले ही स्नीकर ब्रांड Flatheads का अधिग्रहण किया था. ये वही Flatheads स्टार्टअप है, जो शार्क टैंक इंडिया के सीजन 2 में इन्वेस्टमेंट जुटाने के लिए आया था. सिंगापुर में मुख्यालय वाले Styched के साथ इस स्टार्टअप की डील कैश और इक्विटी के एक मिक्स के साथ हुई है. हालांकि, वह डील कितने रुपये में हुई है, कंपनी ने उसका खुलासा भी नहीं किया था. अगर मई 2022 तक की बात करें तो कंपनी की पोस्ट-मनी वैल्युएशन करीब 3.53 मिलियन डॉलर यानी लगभग 29 करोड़ रुपये थी.
Flatheads की शुरुआत Ganesh Balakrishnan और Utkarsh Biradar ने साल 2018 में की थी. इससे पहले स्नीकर बनाने वाली इस कंपनी ने We Founder Circle, LetsVenture और कुछ angel investors से पैसे जुटाए हैं. इस बार की डील की तरह Flatheads की डील के तहत भी कंपनी अपनी वेबसाइट से प्रोडक्ट बेचती रही. Flatheads के अधिग्रहण के वक्त ही ये भी बात हो रही थी कि आने वाले दिनों में Styched करीब 3 और ब्रांड्स का अधिग्रहण करने की योजना बना रहा है.
Styched की शुरुआत साल 2019 में Soumajit Bhowmik और Durga Dash ने की थी. यह स्टार्टअप बाजार में पहले से मौजूद SheIn, Club Factory और Vishal Megamart जैसे ब्रांड से सीधी टक्कर ले रहा है. Soumajit Bhowmik के अनुसार उनका ब्रांड काफी डिमांड में है और जीरो-वेस्टेज ब्रांड है. उनके पास इंवेंट्री भी नहीं रहती है. उन्होंने कहा कि अभी कंपनी के पास करीब 14 हजार डिजाइन हैं, जो उनकी वेबसाइट पर हैं.