&format=webp&quality=medium)
अगर यह ट्रेन एक घंटे की ज्यादा देरी से चल रही है, तो रेलवे इसके लिए पैसेंजर्स को रिफंड देगा. (फोटो: PTI)
ट्रेन में सफर के दौरान कई बार आपको अलग-अलग तरह की मुसीबतें झेलनी पड़ती हैं. घंटों प्लेटफॉर्म पर ही ट्रेन का इंतजार करना होता है या फिर चलती ट्रेन भी गतंव्य तक पहुंचने में काफी वक्त लगाती है. लेकिन, अब ऐसा नहीं होगा. भारतीय ट्रेनों का वक्त बदलने वाला है. दरअसल, 4 अक्टूबर से IRCTC अपनी पहली ट्रेन की शुरुआत कर रहा है. प्राइवेट होने के साथ-साथ यह ट्रेन अपने-आप में खास है. क्योंकि, पहली बार ऐसा होगा कि ट्रेन के लेट होने पर पैसेंजर्स को रिफंड मिलेगा.
4 अक्टूबर से लखनऊ-दिल्ली के बीच चलने वाली तेजस एक्सप्रेस देश की पहली ऐसी ट्रेन होगी, जो लेट होने पर भी यात्रियों को रिफंड देगी. IRCTC ऑपरेटेड पहली ट्रेन तेजस के लेट होने पर पैसेंजर्स को पैसे वापस किए जाएंगे. ये नई स्कीम IRCTC लखनऊ-दिल्ली रूट पर चलने वाली तेजस एक्सप्रेस के लिए शुरू की है. अगर यह ट्रेन एक घंटे की ज्यादा देरी से चल रही है, तो रेलवे इसके लिए पैसेंजर्स को रिफंड देगा. 1 घंटे देरी होने पर हर तेजस मुसाफिर को 100 रुपए का मुआवजा मिलेगा.
1 घंटा लेट होने पर मिलेंगे 100 रुपये
IRCTC के मुताबिक, तेजस एक्सप्रेस में यात्रियों को यह प्रीमियम सुविधा दी जा रही है. ट्रेन के लेट होने की स्थिति में पैसेंजर्स को पार्शियल रिफंड यानी आंशिक रिफंड किया जाएगा. अगर ट्रेन 1 घंटे से थोड़ी ज्यादा लेट होती है तो यात्रियों को 100 रुपए और दो घंटों से ज्यादा लेट होने पर 250 रुपए का रिफंड दिया जाएगा.
कहां होगा रिफंड का इस्तेमाल?
रिफंड का इस्तेमाल अगली ट्रेन की बुकिंग पर किया जा सकेगा. ई-वॉलेट में रिफंड देने पर अभी विचार चल रहा है. अगर IRCTC इसे ऑफर करता है तो मुसाफिरों को ई-वॉलेट में रिफंड मिलेगा और उसे दूसरी बुकिंग पर इस्तेमाल कर सकेंगे. रिफंड के अलावा IRCTC ने तेजस के मुसाफिरों के लिए 25 लाख रुपए का ट्रैवल इंश्योरेंस भी रखा है. इसके लिए मुसाफिरों को अलग से कोई चार्ज नहीं देना होगा.
बता दें, तेजस एक्सप्रेस भारत की पहली प्राइवेट ट्रेन है, क्योंकि इसका ऑपरेशन पूरी तरह से इंडियन रेलवे की केटरिंग और टूरिज़्म (IRCTC) देख रही है. इंडियन रेलवे ने इसे पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर सौंपा है. अगर यह सफल रहता है तो इंडियन रेलवे नेटवर्क में प्राइवेट ऑपरेटर्स को मौका मिल सकता है.
ये है ट्रेन का शेड्यूल?
लखनऊ से दिल्ली तेजस का ट्रेन नंबर 82501 है. लखनऊ स्टेशन से हर सुबह 6:10 बजे नई दिल्ली के लिए निकलेगी. इसका दिल्ली पहुंचने का वक्त 12:25 PM है. उसी दिन दिल्ली से 82502 नंबर की तेजस नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से दोपहर 3:35 बजे निकलेगी, जो रात के 10:05 बजे लखनऊ पहुंचेगी.