&format=webp&quality=medium)
जल्द ही कई और रूटों पर दौड़ती दिखेगी तेजस एक्सप्रेस (फाइल फोटो)
#BudgetOnZee: Budget 2020: में वित्त मंत्री ने ऐलान किया है कि 150 ट्रेनों को पब्लिक प्राइवेट पाटर्नरशिप (PPP) के तहत चलाने का ऐलान किया है. वहीं वित्त मंत्री ने कहा कि कई पर्यटक स्थलों को जोड़ने के लिए आने वाले दिनों में बड़े पैमाने पर तेजस एक्सप्रेस (Tejas Express) ट्रेनें चलाई जाएंगी. फिलहाल देश में दो तेजस एक्सप्रेस ट्रेनें चलाई जा रही हैं. जिनके परिणाम से रेलवे काफी उत्साहित है.
हाल ही में चली दूसरी तेजस
भारतीय रेलवे (Indian Railway) के उपक्रम IRCTC ने हाल ही में अमहदाबाद से मुंबई सेंट्रल के बीच दूसरी तेजस एक्सप्रेस ट्रेन को चलाया है.. इस ट्रेन को नए साल में 19.01.2020 से आम लोगों के लिए चलाया गया. अहमदाबाद से मुंबई के बीच चलने वाली तेजस एक्सप्रेस अहमदाबाद से सुबह 6.40 बजे रवाना होती है. दोपहर लगभग 1.10 बजे ये ट्रेन मुंबई सेंटल पहुंचती है. वापसी में इस ट्रेन को मुंबई से दोपहर 3.40 बजे चलाया जाता है. रात 9.55 बजे ये ट्रेन वापस अहमदाबाद पहुंच जाती है. ये ट्रेन अहमदाबाद से चलने के बाद रास्ते में नांदेड, वड़ोदरा, भरूच, सूरत, वापी और बोरीवली स्टेशनों पर रुकते हुए मुंबई सेंट्रल पहुंचती है.
तेजस एक्सप्रेस में हैं कई सुविधाएं
मुंबई से अहमदाबाद के बीच चलने वाली तेजस एक्सप्रेस में यात्रियों के लिए वाई-फाई, सीसीटीवी कैमरा, कॉफी मशीन, एलसीडी स्क्रीन जैसी सुविधाएं मौजूद होंगी. फिलहाल भारतीय रेलवे देश की पहली प्राइवट ट्रेन नई दिल्ली से लखनऊ के बीच चला रहा है. इस तेजस एक्सप्रेस हुई अच्छी कमाई को देखते हुए ही IRCTC दूसरी ट्रेन चलाने को लेकर काफी उत्साहित है.
लखनऊ तेजस ने की मोटी कमाई
नई दिल्ली से लखनऊ के बीच चल रही भारतीय रेलवे (Indian railways) की पहली प्राइवेट ट्रेन तेजस एक्सप्रेस (Tejas Express) ने चलाए जाने के बाद पहले महीने में ही मोटी कमाई की है. खबरों के मुताबिक इस ट्रेन ने लगभग 70 लाख रुपये का फायदा कमाया है. IRCTC को तेजस एक्सप्रेस (Tejas Express) की टिकटों की बिक्री (Ticket Sales) से एक महीने में 3.70 करोड़ रुपये की कमाई हुई है.यह गाड़ी अक्टूबर में 5 से 28 अक्टूबर तक 21 दिन चलाई गई. इसकी सेवा सप्ताह में छह दिन है. रेलवे इस ट्रेन से होने वाली आय को लेकर काफी उत्साहित है. आने वाले दिनों में कई अन्य रूटों पर इस तरह की ट्रेनें चलाई जा सकती हैं. इस ट्रेन से होने वाली कमाई को देखते हुए ही रेलवे ने जल्द ही दूसरी तेजस एक्सप्रेस चलाने का फैसला लिया है.
मिलेगा इंश्योरेंस
IRCTC तेजस एक्सप्रेस में बेहतद खाने- पीने, ऑन बोर्ड सिक्योरिटी, हाउसकीपिंग और इन्फोटेनमेंट की सुविधा देता है. वहीं IRCTC ट्रेन में यात्रा कर रहे लोगों को 25 लाख रुपये का इंश्योरेंस भी दिया जा रहा है.
सामान ले जाने की चिन्ता नहीं करनी होगी
IRCTC तेजस ट्रेनों में बेहद खास सुविधा को शुरू करने पर विचार कर रहा है. इस सुविधा के तहत आपने एक बार तेजस ट्रेन की कन्फर्म टिकट बुक करा ली तो IRCTC आपके घर से आपका सामान लेकर ट्रेन में आपकी सीट तक पहुंचा देगा. इसी तरह आपको जहां जाना है वहां ट्रेन के पहुंचने पर स्टेशन से आपका सामान आपके घर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी भी IRCTC की होगी. इस सुविधा के लिए IRCTC यात्रियों से मामूली शुल्क लेगा. इस सुविधा को शुरू करने के लिए IRCTC कुछ प्राइवेट कंपनियों से बात कर रहा है. तेजस ट्रेनों में ये सुविधा शुरू होती है तो वरिष्ठ नागरिकों और ऐसे लोग जिन्हें सामान बोझ लगता है उनके लिए ये राहत भरी सुविधा होगी.