&format=webp&quality=medium)
बुधवार से संसद का बजट सत्र शुरू होने जा रहा है, इससे पहले आज मंगलवार को केंद्र सरकार ने सर्वदलीय बैठक बुलाई थी. ये सर्वदलीय बैठक संसद भवन परिसर के पार्लियामेंट लाइब्रेरी बिल्डिंग में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हो चुकी है. सर्वदलीय बैठक के दौरान केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रल्हाद जोशी, पीयूष गोयल, अर्जुन राम मेघवाल सहित कई अन्य मंत्री और कांग्रेस, डीएमके,अपना दल और अकाली दल सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता मौजूद रहे.
बता दें इस सर्वदलीय बैठक में सरकार सभी राजनीतिक दलों से आगामी बजट सत्र के सुचारू संचालन के लिए सहयोग की अपील करेगी.माना जा रहा है कि बैठक में सत्र के एजेंडे पर भी चर्चा हो सकती है. संसद का आगामी बजट सत्र बुधवार, 31 जनवरी से शुरू होगा और इसके 9 फरवरी तक चलने की संभावना है. यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का आखिरी बजट सत्र होगा.
बजट सत्र की शुरुआत, 31 जनवरी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण से होगी. राष्ट्रपति दोनों सदनों-लोक सभा और राज्य सभा की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगी. बजट सत्र के दूसरे दिन, 1 फरवरी को केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण अंतरिम बजट पेश करेंगी. यह मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का अंतिम बजट होगा.