PNB लोन स्‍कैम : मेहुल चोकसी को भारत वापस लाएगा ED, तैयारी शुरू

पंजाब नेशनल बैंक (PNB) धोखाधड़ी मामले में आरोपी भगोड़ा हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी की देश वापसी के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने एयर एंबुलेंस की व्यवस्था करने की पेशकश की है.
PNB लोन स्‍कैम : मेहुल चोकसी को भारत वापस लाएगा ED, तैयारी शुरू

ED भारत वापसी के लिए एयर एंबुलेंस की व्यवस्था कर सकती है. (Reuters)

पंजाब नेशनल बैंक (PNB) धोखाधड़ी मामले में आरोपी भगोड़ा हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी की देश वापसी के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एयर एंबुलेंस (Air Ambulance) की व्यवस्था करने की पेशकश की है. ईडी ने चोकसी से स्वास्थ्य कारणों से एंटीगुआ में पूछताछ करने की याचिका शनिवार को खारिज कर दी और कहा कि एजेंसी उसकी भारत वापसी के लिए एयर एंबुलेंस की व्यवस्था कर सकती है.

चोकसी पीएनबी धोखाधड़ी मामले में आरोपी
चोकसी पीएनबी धोखाधड़ी मामले में आरोपी है और वह इस समय कैरिबियाई द्वीपीय देश एंटीगुआ में शरण लिए हुए है. एजेंसी इस मामले में उससे पूछताछ करेगी. चोकसी ने बंबई उच्च न्यायालय में याचिका दायर कर कहा कि उसके स्वास्थ्य कारणों को देखते हुए अगर वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिए उससे एंटीगुआ से ही पूछताछ की जाए तो वह उसमें शामिल होना चाहता है. लेकिन ईडी ने उसकी याचिका खारिज करते हुए कहा कि उसे जवाब देने के लिए वापस भारत आना होगा.

एयर एंबुलेंस से लाएंगे भारत
ईडी ने बंबई हाईकोर्ट में उसकी याचिका के जवाब में दाखिल हलफनामे में कहा, "मानवता का दृष्टिकोण अपनाते हुए ईडी याचिकाकर्ता (चोकसी) को उचित चिकित्सा देखभाल के तहत एंटीगुआ से भारत लाने के लिए एयर एंबुलेंस के साथ चिकित्सा विशेषज्ञ की एक टीम प्रदान करने को तैयार है."

Add Zee Business as a Preferred Source

अभियोग से बचने के लिए भारत नहीं छोड़ा
चोकसी ने कहा कि उसने विदेश में इलाज करवाने के मकसद से भारत छोड़ा है न कि मामले में अभियोग से बचने के लिए. इसका जवाब देते हुए ईडी ने कहा कि भारत में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हैं, अगर चोकसी वापस भारत आएगा तो उनको ये सुविधाएं प्रदान की जाएंगी.

सेहत के साथ खिलवाड़ करना ईडी की कोशिश नहीं
ईडी ने कहा कि चाहे कोई आरोपी ही क्यों न हो, एजेंसी की मंशा कभी किसी व्यक्ति की सेहत के साथ खिलवाड़ करना नहीं रही है. पीएनबी को 14,000 करोड़ रुपये का चूना लगाने का मामला पिछले साल जनवरी में उजागर होने के बाद चोकसी देश से भाग गया. इस मामले में हीरा कारोबारी नीरव मोदी और खुद चोकसी आरोपी हैं.

  1. 1
  2. 2
  3. 3
  4. 4
  5. 5
  6. 6