&format=webp&quality=medium)
Raksha Bandhan 2022 Correct date and time in India: रक्षाबंधन को लेकर इस बार अजीब कन्फ्यूजन है. 11 अगस्त यानी आज राखी बांधे या 12 अगस्त को राखी बांधनी चाहिए. ये सवाल कई दिनों से उलझन पैदा कर रहा है. दरअसल, सावन की पूर्णिमा तिथि को राखी बांधी जाती है. लेकिन इस दौरान भद्रा काल का विशेष ध्यान रखा जाता है. इस साल भद्रा काल को लेकर ही भ्रम की स्थिति बनी हुई है. पंडित और ज्योतिष के जानकारो का कहना है कि इस बार रक्षाबंधन का त्योहार 11 अगस्त को मनाना शुभ रहेगा, तो वहीं कुछ का कहना है कि राखी 12 अगस्त को मनाना ठीक है.
दरअसल जब भी हिंदू कैलेंडर के मुताबिक, कोई त्योहार की तिथि दो दिन पड़ती है तो इसको लेकर भ्रम होता है. रक्षाबंधन पर पूर्णिमा तिथि दो दिन रहने की वजह से ये स्थिति बनी है. अब सवाल है पूर्णिमा कब तक रहेगी और राखी का त्योहार कब मनाएं.
11 अगस्त को पूरे दिन भद्रा रहेगी. शास्त्रों के अनुसार रक्षाबंधन का त्योहार हमेशा भद्रा रहित समय में मनाया जाना चाहिए. शास्त्रों के मुताबिक, दिन का कुछ समय शुभ कार्यों के लिए अच्छा नहीं माना जाता है. इसमें भद्राकाल और राहुकाल प्रमुख होता है. इस बार 11 अगस्त को सावन पूर्णिमा तिथि के साथ पूरे दिन भद्राकाल रहेगा. 11 अगस्त को भद्रा का अशुभ समय रात 8 बजकर 53 मिनट पर खत्म होगा.
अब समझते हैं भद्रा के अलग-अलग रूप के चलते राखी बांधना कब शुभ रहेगा. 11 अगस्त को पूर्णिमा तिथि के लगने के साथ ही भद्रा शुरू हो जाएगी, लेकिन भद्रा का वास पाताल लोक में रहेगा. पंडित शिरोमणि सचिन (Pandit Shiromani Sachin) के मुताबिक, जब भद्रा का वास पृथ्वीलोक पर होता है तो इस दौरान शुभ और मांगलिक कार्य नहीं होते. लेकिन, यही भद्रा जब पाताललोक में निवास करे तो इसका असर पृथ्वी वासियों के ऊपर नहीं होता है. भद्रा जिस लोक में निवास करती हैं उसका असर उसी लोक में रहता है. ऐसे में 11 अगस्त को भद्रा का निवास पृथ्वी पर नहीं है, इसलिए रक्षाबंधन 11 अगस्त को मनाया जा सकता है.
सावन पूर्णिमा तिथि पर रक्षाबंधन मनाए जाने की परंपरा है. 11 अगस्त को सुबह 10 बजकर 38 मिनट से पूर्णिमा तिथि शुरू हो जाएगी जो अगले दिन यानी 12 अगस्त को सुबह 7 बजकर 5 मिनट तक रहेगी, फिर इसके बाद भाद्रपद की प्रतिपदा तिथि आरंभ हो जाएगी. इसलिए 12 अगस्त को रक्षाबंधन मनाने के पीछे खास तर्क नहीं है.
11 अगस्त को सुबह 11 बजकर 37 मिनट से 12 बजकर 29 मिनट तक अभिजीत मुहूर्त रहेगा. 11 अगस्त, गुरुवार को दोपहर 2 बजकर 14 मिनट से 3 बजकर 7 मिनट पर विजय मुहूर्त रहेगा. इस तरह से भद्राकाल के रहते इस समय राखी बांधी जा सकती है. इसके अलावा रात 8 बजकर 51 मिनट पर भद्रा खत्म हो जाएगी. राखी बांधने का सबसे अच्छा समय दोपहर को बताया गया है, जिसमें भद्रा का साया न हो.
रक्षा बंधन भद्रा मुख: सुबह 6 बजकर 18 मिनट से 08:00 बजे तक
रक्षा बंधन भद्रा काल समाप्त: शाम 8 बजकर 51 मिनट पर