&format=webp&quality=medium)
RK Damani के पोर्टफोलियो में जून 2022 तिमाही के आंकड़ों के मुताबिक 14 स्टॉक हैं.
Radhakishan Damani portfolio: शेयर बाजार के दिग्गज निवेशक राधाकृष्ण दमानी (RK Damani) के पोर्टफोलियो में शामिल स्टॉक ब्लूडार्ट एक्सप्रेस लिमिटेड (BlueDart Express Limited) पर ब्रोकरेज हाउस कोटक सिक्युरिटी बुलिश नजर आ रहा है. जून 2022 तिमाही में कंपनी के फाइनेंशियल नतीजे अच्छे रहे हैं. ब्रोकरेज हाउस का कहना है कि अप्रैल-जून 2022 (Q1FY23) तिमाही के नतीजे अनुमान से बेहतर रहे हैं. मैक्रो आउटलुक और कंपनी लीडरशिप बेहतर होने से नियर टर्म में कंपनी के रेवेन्यू और अर्निंग्स मजबूत नजर आ रहे हैं. बीते एक साल में स्टॉक की परफॉर्मेंस देखें, तो यह दमदार रही है. मार्केट में उतार-चढ़ाव के बावजूद इस अवधि में स्टॉक में करीब 60 फीसदी का रिटर्न रहा है. आरके दमानी की ब्लूडार्ट में 1.4 फीसदी हिस्सेदारी है. दमानी को दिग्गज मार्केट निवेशक राकेश झुनझुनवाला (Rakesh Jhunjhunwala) का गुरु कहा जाता है.
कोटक सिक्युरिटीज (Kotak Securities) ने ब्लूडार्ट एक्सप्रेस के स्टॉक पर खरीदारी की राय दी है. साथ ही प्रति शेयर टारगेट प्राइस 9800 रुपये रखा है. 1 अगस्त को स्टॉक का भाव 8726 रुपये पर बंद हुआ था. इस भाव से आगे निवेशकों को करीब 13 फीसदी का रिटर्न मिल सकता है. बीते एक साल में 1 अगस्त 2022 तक स्टॉक का रिटर्न 60 फीसदी से ज्यादा रहा है. जबकि, 2022 में अब तक शेयर में 35 फीसदी से ज्यादा का उछाल देखा गया. स्टॉक ने 1 अगस्त 2022 के ट्रेडिंग सेशन के दौरान 52 हफ्ते का हाई (8,886.30 रुपये) बनाया.
कोटक सिक्युरिटीज का कहना है कि ब्लूडार्ट के जून 2022 तिमाही (Q1FY23) के फाइनेंशियल आंकड़े मजबूत रहे हैं. इकोनॉमी में रिकवरी, एडमिन लागत में कमी और घरेलू नेटवर्क को तर्कसंगत बनाने, खर्चों में कटौती के साथ-साथ कर्ज और फाइनेंस की लागत में कमी के चलते कंपनी के जून तिमाही के नतीजे अच्छे रहे.
ब्रोकरेज का कहना है कि कंपनी का मैक्रो आउटलुक बेहतर नजर आ रहा है. लीडरशिप भी बेहतर हुई है. इससे नियर टर्म में कंपनी के रेवेन्यू और अर्निंग्स मजबूत बने रहने की उम्मीद है. प्रतिस्पीर्ध माहौल के बावजूद कंपनी की बिजनेस ग्रोथ हासिल करने में सक्षम है. कंपनी के मजबूत नतीजों को देखते हुए स्टॉक पर खरीदारी की राय है. साथ ही टारगेट प्राइस 8260 से बढ़ाकर 9800 कर दिया है.
(डिस्क्लेमर: यहां स्टॉक्स में निवेश की सलाह ब्रोकरेज हाउस द्वारा दी गई है. ये जी बिजनेस के विचार नहीं हैं. निवेश से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें.)