पेट्रोल और डीजल ने नए साल में ग्राहकों को महंगाई का झटका देना शुरू कर दिया है. तेल मार्केटिंग कंपनियों ने गुरुवार को फिर पेट्रोल और डीजल के दाम में बढ़ोतरी की. पहली जनवरी को पेट्रोल और डीजल के दाम में हालांकि स्थिरता बनी रही, लेकिन रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोतरी हो गई, जिससे आम ग्राहकों को नए साल में महंगाई का पहला झटका लगा.
1/5पेट्रोल के दाम में गुरुवार को दिल्ली में 14 पैसे, जबकि कोलकाता, मुंबई और चेन्नै में 8 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई. वहीं, डीजल फिर दिल्ली में 14 पैसे, कोलकाता में 11 पैसे जबकि मुंबई और चेन्नै में 12 पैसे प्रति लीटर महंगा हो गया है. इसी प्रकार देश के अन्य शहरों में भी पेट्रोल और डीजल के दाम में बढ़ोतरी हुई है.
2/5इंडियन ऑयल की वेबसाइट के अनुसार, दिल्ली, कोलकता, मुंबई और चेन्नै में पेट्रोल का दाम बढ़कर क्रमश: 75.25 रुपये, 77.87 रुपये, 80.87 रुपये और 78.20 रुपये प्रति लीटर हो गया है. वहीं, चारों महानगरों में डीजल की कीमत बढ़कर क्रमश: 68.10 रुपये, 70.49 रुपये, 71.43 रुपये और 71.98 रुपये प्रति लीटर हो गई है.
3/5आपको बता दें कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतों में तेजी के चलते विमान ईंधन (ATF) के दाम में 2.6 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है. बिना सब्सिडी वाला रसोई गैस सिलेंडर भी 19 रुपये महंगा हो गया है.
4/5दिल्ली में विमान ईंधन की कीमत 1,637.25 रुपये किलोलीटर यानि 2.6 प्रतिशत बढ़कर 64,323.76 रुपये प्रति किलोलीटर हो गई है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतों में तेजी की वजह से दरों में लगातार दूसरे महीने बढ़ोतरी की गई है. इससे पहले एक दिसंबर को ATF के दामों में मामूली 13.88 रुपये किलोलीटर की बढ़ोतरी की गई थी. इस बढ़ोतरी का बोझ पहले से नकदी संकट का सामना कर रही एयरलाइन कंपनियों पर पड़ेगा.
5/5इसके अलावा, तेल मार्केटिंग कंपनियों ने बिना सब्सिडी वाले 14.2 किलो के LPG सिलेंडर का दाम भी 695 रुपये से बढ़ाकर 714 रुपये कर दिया है. यह लगातार पांचवां महीना है जब रसोई गैस के दाम में बढ़ोतरी की गई है. रसोई गैस की कीमत 2019 से बढ़ाई जा रही है. पिछले पांच महीनों में बिना सब्सिडी वाले रसोई गैस के दाम 139.50 रुपये प्रति सिलेंडर बढ़े हैं.