&format=webp&quality=medium)
Budget 2023 के बाद अब आपके मम्मी और पापा के पास क्या हैं ऑप्शन, कहां मिल सकता है ज्यादा से ज्यादा फायदा?
Union Budget 2023-24 पेश होने के बाद सबसे ज्यादा चर्चा इनकम टैक्स को लेकर हो रही है क्योंकि नई रिजीम में इनकम टैक्स लिमिट को रिबेट के साथ 7 लाख तक बढ़ाने के बाद से मिडिल क्लास और सैलरीड पर्सन को काफी राहत मिली है. इसी के साथ महिलाओं और बुजुर्गों के लिए भी इस बजट में कई घोषणाएं की गई हैं. ऐसे में अगर आपके माता-पिता जॉब से रिटायर हो चुके हैं या होने वाले हैं, उनके पास रेगुलर इनकम का कोई जरिया नहीं है, तो इस बजट के बाद उनके लिए तमाम स्कीम्स में पहले से बेहतर विकल्प मिलेंगे.
सबसे पहले बात करते हैं Senior Citizen Savings Scheme की. इस स्कीम में बुजुर्गों को 8 फीसदी के हिसाब से ब्याज मिलता है. इसमें अब तक डिपॉजिट लिमिट 15 रुपए थी, जिसे सरकार ने बढ़ाकर 30 लाख कर दिया है यानी अब सीनियर सिटीजन के लिए इस स्कीम में निवेश का दायरा काफी बड़ा होगा. अगर आपके माता-पिता रिटायर हो चुके हैं या अपनी रकम को निवेश करना चाहते हैं तो वे अब इस स्कीम में ज्यादा रकम को निवेश करके अच्छा-खासा मुनाफा प्राप्त कर सकते हैं.
पोस्ट ऑफिस की मंथली इनकम स्कीम (Post Office MIS) उन लोगों के लिए बेहतर स्कीम है, जो रेगुलर इनकम चाहते हैं. इस स्कीम में सिंगल और जॉइंट अकाउंट के निवेश की लिमिट को बढ़ा दिया गया है. अब इसमें सिंगल अकाउंट में आप 9 लाख रुपए तक निवेश कर सकते हैं और जॉइंट अकाउंट में 15 लाख रुपए तक का निवेश कर सकते हैं. पहले सिंगल अकाउंट में निवेश की लिमिट 4.5 लाख और जॉइंट अकाउंट में 9 लाख थी. ऐसे में आपके मम्मी या पापा इस स्कीम में 7.1 फीसदी के हिसाब से ब्याज मिलता है. अगर आप इसमें सिंगल अकाउंट में 9 लाख रुपए जमा करते हैं तो हर महीने 5,324 रुपए तक हर महीने कमा सकते हैं और पति और पत्नी दोनों मिलकर जॉइंट अकांउट में 15 लाख रुपए का निवेश करते हैं तो अधिकतम 8,875 रुपए तक बचा सकते हैं.
अगर आपके माता या पिता रिटायर होने वाले हैं तो बजट के बाद उन्हें Leave Encashment को लेकर भी काफी फायदा होगा. सरकारी या प्राइवेट कोई भी जॉब हो, इसमें जब आप रिटायर होते हैं या जॉब को छोड़ते हैं तो आपकी बची हुई छुट्टियों को कैश किया जाता है. इसे ही लीव एनकैशमेंट कहा जाता है. लीव एनकैशमेंट से मिलने वाली रकम पर सरकार टैक्स लगाती है. लेकिन बजट 2023 में सरकार ने इस पर लगने वाली टैक्स छूट की सीमा को 3 लाख से बढ़ाकर 25 लाख कर दिया है. ऐसे में उन्हें इसका भी अच्छा खासा फायदा मिलेगा.
अगर आपकी मां अपने लिए किसी बेहतर स्कीम की तलाश में हैं तो महिला सम्मान बचत पत्र योजना में निवेश करके अच्छा खासा मुनाफा ले सकती हैं. बजट 2023 में सरकार ने इस स्कीम का ऐलान किया है. ये वन टाइम इनवेस्टमेंट स्कीम है, जिस पर 7.5 फीसदी के हिसाब से ब्याज मिलेगा. इसके तहत किसी भी महिला या लड़की के नाम से निवेश किया जा सकता है. इस स्कीम में दो लाख रुपए तक ही निवेश की सीमा होगी. इसके अलावा ये दो साल की सेविंग स्कीम होगी, जिसका फायदा 2025 तक उठाया जा सकेगा यानी इस स्कीम में आप 2025 तक ही निवेश कर सकते हैं. ऐसे में आपकी मां इस स्कीम के जरिए अच्छा ब्याज प्राप्त कर सकती हैं.
Zee Business Hindi Live TV यहां देखें