दिल्ली-NCR में बारिश के साथ पहाड़ों पर बर्फबारी हो रही है. हिमाचल प्रदेश की राजधानी में बुधवार को मौसम की सबसे भारी बर्फबारी हुई. मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि शिमला में बर्फबारी दो-तीन होती रहेगी. मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार को प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में बादल छाए रहेंगे. गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है.
1/7हिमाचल प्रदेश की राजधानी में बुधवार को मौसम की सबसे भारी बर्फबारी देखी गई, जिससे आंतरिक सड़क संपर्क टूट गया. लेकिन पर्यटकों ने एक-दूसरे पर बर्फ के गोले फेंककर मौज-मस्ती की. मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया, "शिमला और उसके आसपास के इलाकों में रात भर बर्फबारी हुई और अब तक की यह सबसे भारी बर्फबारी है."
2/7आसपास के स्थानों जैसे कुफरी और नरकंडा में भी बर्फबारी हुई, जिससे ये पर्यटक स्थल और खूबसूरत नजर आने लगे. बर्फबारी की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में पर्यटक शिमला पहुंचने लगे. शिमला में शून्य से 0.5 डिग्री सेल्सियस नीचे तापमान दर्ज हुआ, जबकि 20 सेंटीमीटर से अधिक बर्फबारी हुई. वहीं, कुफरी और मशोबरा में 40 सेंटीमीटर से अधिक बर्फबारी दर्ज की गई.
3/7पंजाब और हरियाणा में रातभर की बारिश के बावजूद बुधवार को न्यूनतम तापमान मामूली रूप से बढ़ गया. पंजाब के पठानकोट में न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जहां सबसे ज्यादा 65 मिलीमीटर बारिश हुई. पंजाब और हरियाणा की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 10.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. यहां 22.9 मिलीमीटर बारिश हुई.
4/7उत्तर प्रदेश की राजधानी के आस-पास के क्षेत्रों में सुबह से बादल छाए हुए हैं. मौसम विभाग ने आज पूरे प्रदेश में हल्की बारिश के आसार जाताए हैं. बुधवार को लखनऊ का न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
5/7बुधवार को कानपुर का न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस, वाराणसी का 11.8 डिग्री, आगरा का 13.0 डिग्री, बहराइच का 8.0 डिग्री और गोरखपुर का 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं, मंगलवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 22.4 डिग्री रहा जबकि न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था.
6/7दिल्ली में सुबह 11 बजे के आसपास तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है. बारिश होने के बाद ठंडी उत्तरी-पश्चिमी हवाओं के कारण न्यूनतम तापमान 4-5 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. दिल्ली में बीते दो-तीन दिनों से हो रही बारिश से वायु गुणवत्ता में सुधार आया है, वहीं क्षेत्र के कई हिस्सों में मंगलवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 'मध्यम से खराब' स्तर पर रही.
7/7उत्तरी-पश्चिमी की बजाय दक्षिणी पूर्वी हवा चलने के कारण मौसम में बदलाव हुआ है. विभाग ने बताया कि अधिकतम तापमान और न्यूनतम तापमान दोनों ही सामान्य से कुछ अधिक है. ऐसे में बुधवार को किसी भी समय बारिश होने की प्रबल संभावना बन रही है.