&format=webp&quality=medium)
दो मैच गंवाने के कारण जाना पड़ा बाहर.
Kapil Dev angry on indian players: टी20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup 2021) में भारतीय टीम (Indian Cricket Team) का सफर सोमवार को समाप्त होने को है. भारत को पहली बार विश्व चैंपियन बनाने वाले कपिल देव (Kapil Dev) ने भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर निराशा व्यक्त की है. कपिल देव (Kapil Dev) के अलावा कई पूर्व क्रिकेटर भारतीय टीम पर सवाल खड़े कर रहे हैं. भारतीय फैंस भी टीम की इस हार को पचा नहीं पा रहे हैं.
भारतीय टीम की गिनती मौजूदा समय में वर्ल्ड के सबसे कामयाब टीमों में की जाती है. इंग्लैंड और भारत इस वर्ल्ड कप के सबसे दावेदार थे, लेकिन भारत सेमीफाइनल तक का सफर भी नहीं कर सका. जबकि इंग्लैंड की टीम फाइनल में अपनी जगह बनाने में कामयाब रहा है. न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक पूर्व भारतीय कप्तान कपिल देव का मानना है कि देश के क्रिकेटर राष्ट्रीय टीम से अधिक आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) को प्राथमिकता देते हैं तथा मौजूदा टी20 विश्व कप के दौरान की गई गलतियों से बचने के लिये बेहतर कार्यक्रम तैयार करने की जिम्मेदारी भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) की है.
ज़ी बिज़नेस LIVE TV यहां देखें
भारत सुपर 12 में पहले दो मैच गंवाने के कारण टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में जगह नहीं बना पाया. न्यूजीलैंड ने रविवार को अफगानिस्तान को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया जिससे भारत बाहर हो गया. कपिल ने कहा, “जब खिलाड़ी देश के लिये खेलने से ज्यादा आईपीएल को प्राथमिकता देते हैं, तो हम क्या कह सकते हैं? खिलाड़ियों को अपने देश के लिये खेलने पर गर्व होना चाहिए. मुझे उनकी वित्तीय स्थिति का पता नहीं है इसलिए मैं ज्यादा कुछ नहीं कह सकता.
आईपीएल का आयोजन टी20 विश्व कप से ठीक पहले किया गया था. कोविड-19 महामारी के कारण बीसीसीआई ने इतना व्यस्त कार्यक्रम तैयार किया. कपिल ने कहा कि मुझे लगता है कि पहले राष्ट्रीय टीम और फिर फ्रेंचाइजी होनी चाहिए. मैं यह नहीं कह रहा हूं कि वहां (आईपीएल) क्रिकेट न खेलें, लेकिन बेहतर योजना तैयार करने की जिम्मेदारी अब बीसीसीआई पर है. उन्होंने कहा कि इस टूर्नामेंट में हमने जो गलतियां की हैं, उन्हें नहीं दोहराना हमारे लिये सबसे बड़ी सीख होगी.
कपिल ने इसके साथ ही कहा कि आईपीएल के दूसरे चरण और टी20 विश्व कप के बीच में अंतर होना चाहिए था. उन्होंने कहा, “यह भविष्य पर गौर करने का समय है. आपको तुरंत योजना तैयार करनी शुरू कर देनी चाहिए. ऐसा नहीं है कि विश्व कप खत्म हो गया है तो भारतीय टीम का पूरा क्रिकेट भी खत्म हो गया है. जाओ और योजना तैयार करो. कपिल ने कहा कि मेरा मानना है कि आईपीएल और विश्व कप के बीच कुछ समय का अंतर होना चाहिए था. आज हमारे खिलाड़ियों को पर्याप्त मौके मिल रहे हैं लेकिन वे उसका फायदा नहीं उठा पाये.