&format=webp&quality=medium)
LIC Interim Chairman: सिद्धार्थ मोहंती एलआईसी के अंतरिम चेयरमैन होंगे. मोहंती फिलहाल एलआईसी के एमडी और सीईओ हैं. गौरतलब है कि एलआईसी के मौजूदा चेयरमैन मंगलम रामासुब्रमण्यम कुमार का कार्यकाल 13 मार्च 2023 को खत्म होने जा रहा है. सिद्धार्थ मोहंती 14 मार्च से अगले तीन महीने तक वह चेयरमैन पद की जिम्मेदारी संभालेंगे. भारतीय बीमा निगम देश की सबसे बड़ी बीमा कंपनी है.
सिद्धार्थ मोहंती को फरवरी 2021 में एलआईसी का एमडी नियुक्त किया गया था. स्टॉक एक्सचेंज को दी गई आधिकारिक जानकारी में एलआईसी ने कहा, 'सेबी रेगुलेशन 2015 के रेगुलेशन 30 के नियमों के तहत बतौर चेयरमैन मंगलम रामासुब्रमण्यम कुमार का कार्यकाल खत्म हो रहा है. उनकी सेवा 13 मार्च 2023 को खत्म हो जाएगी. इसके बाद सिद्धार्थ मोहंती को एमडी के साथ तीन महीने के लिए एलआईसी का अंतरिम चेयरमैन का पदभार सौंपा जाता है. वह 14 मार्च से चेयरमैन का अपना पदभार संभालेंगे. '
सिद्धार्थ मोहंती ने बतौर एलआईसी एमडी एक फरवरी 2021 को कार्यभार संभाला था. उन्होंने टी.सी.सुशील कुमार को रिप्लेस किया था, जो 31 जनवरी 2021 को रिटायर हो गए थे. वह चेयरमैन के साथ-साथ 30 जून 2023 तक एलआईसी के मैनेजिंग डायरेक्टर बने रहेंगे. एलआईसी का नेतृत्व एक चेयरमैन और चार एमडी करते हैं. सिद्धार्थ मोहंती के अलावा बिष्णु चरण पटनायक, आईपे मिनी और राज कुमार मैनेजिंग डायरेक्टर हैं.
सिद्धार्थ मोहंती ने इंश्योरेंस इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया से पढ़ाई की है. इसके अलावा वह महिंद्रा एंड महिंद्रा फाइनेंशियल सर्विस के बोर्ड मेंबर भी रह चुके हैं. सिद्धार्थ एलआईसी फाइनेंस लिमेटड असेट मैनेजमेंट के पूर्व बोर्ड मेंबर भी रह चुके हैं.