&format=webp&quality=medium)
रामनवमी को लेकर अयोध्या में हाई अलर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था, चप्पे-चप्पे पर रहेगी पुलिस की निगरानी
Ramnavami 2024: अयोध्या धाम में रामनवमी को लेकर 9 अप्रैल से रामनवमी मेला का शुभारंभ हो चुका है, जो रामनवमी के दिन यानी 17 अप्रैल तक जारी रहने वाला है. यहां 25 लाख श्रद्धालुओं के आने की संभावना है. रामनवमी मेला के अवसर पर संपूर्ण मेला क्षेत्र को कुल 7 जोन और 39 सेक्टर में विभाजित किया गया है. वहीं, यातायात व्यवस्था को 2 जोन और 11 क्लस्टर में बांट कर यातायात व्यवस्था सुनिश्चित कराई जा रही है. इस महत्वपूर्ण पर्व को सकुशल संपन्न कराने में पुलिस प्रशासन की भूमिका महत्वपूर्ण होगी आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ-साथ पुलिस प्रशासन ने भीड़ प्रबंधन से लेकर दर्शन और श्रद्धालुओं की संख्या का अनुमान एवं आंकलन करने के लिए भी योजना बनाई है.
मेला के दौरान संपूर्ण मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था के लिए 11 अपर पुलिस अधीक्षक, 26 पुलिस उपाधीक्षक, 150 निरीक्षक, 400 उप निरीक्षक, 25 महिला उप निरीक्षक, 1305 मुख्य आरक्षी/आरक्षी, 270 महिला मुख्य आरक्षी/आरक्षी, 15 कंपनी पीएसी, 2 कंपनी बाढ़ राहत, 1 टीम एसडीआरएफ व 1 टीम एटीएस की अतिरिक्त ड्यूटी लगाई गई है. प्रत्येक जोन में पुलिस व्यवस्था के प्रभारी एक अपर पुलिस अधीक्षक तथा प्रत्येक सेक्टर के प्रभारी अधिकारी एक पुलिस उपाधीक्षक/निरीक्षक बनाए गए हैं. इसके अलावा, मंदिर परिसर संपूर्ण मेला क्षेत्र को 24X7 ड्यूटी लगाकर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाएगी.
राम पथ पर कुल 15 ड्रॉप डाउन बैरियर लगाकर और 13 होल्डिंग एरिया बनाकर सुरक्षित दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाएगी. संपूर्ण मेला क्षेत्र में 50 स्थानों पर पीए सिस्टम स्थापित किए गए हैं व विभिन्न स्थानों पर स्थापित 111 सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से यलो जोन कंट्रोल रूम से निरंतर निगरानी की जा रही है. पुलिस प्रशासन की ओर से मेले के लिए पुलिस व्यवस्था को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सिंचाई विभाग गेस्ट हाउस से नया घाट पुलिस चौकी तक मेला नियंत्रण कक्ष बनाया गया है.
500 वर्षों बाद अयोध्या में भगवान राम के नव विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा हो चुकी है. इसके बाद यह पहला अवसर है, जब अयोध्या में श्री रामनवमी का पर्व मनाया जा रहा है. प्रदेश सरकार की ओर से इसको धूमधाम से मनाने की तैयारी की गई है. माना जा रहा है कि लाखों लोग इस अवसर पर भगवान राम के दर्शन के लिए अयोध्या पहुंचेंगे. ऐसे में बड़े पैमाने पर यहां सुरक्षा को लेकर तैयारियां की जा रही हैं.