&format=webp&quality=medium)
Rekha Jhunjhunwala portfolio: शेयर बाजार की जानी-मानी निवेशक रेखा झुनझुनवाला ने टाटा ग्रुप (Tata Group Stock) की कंपनी टाटा कम्युनिकेशंस लिमिटेड (Tata Communications Ltd) में दिसंबर 2022 तिमाही के दौरान हिस्सेदारी बढ़ाई है. चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही (Q3FY23) में उन्होंने कंपनी में 5.25 लाख इक्विटी शेयर (करीब 0.2 फीसदी) खरीदे हैं. इससे पहले, सितंबर 2022 तिमाही के दौरान भी उन्होंने टाटा कम्युनिकेशंस में 15 लाख इक्विटी शेयर खरीदे थे. रेखा झुनझुनवाला दिवंगत निवेशक राकेश झुनझुनवाला की पत्नी हैं. बाजार के दिग्गज निवेशक राकेश झुनझुनवाला का पिछले साल अगस्त में निधन हो गया था. टाटा कम्युनिकेशन मल्टीबैगर शेयर रहा है. इसमें 5 साल में करीब 233 फीसदी का रिटर्न निवेशकों को मिल चुका है. 2023 में अब तक शेयर करीब 6 फीसदी उछल चुका है.
BSE पर उपलब्ध दिसंबर 2022 तिमाही की शेयरहोल्डिंग पैटर्न के मुताबिक, टाटा कम्युनिकेशंस में रेखा झुनझुनवाला की हिस्सेदारी बढ़कर 1.79 फीसदी (51,00,687 इक्विटी शेयर) हो गई. इससे पहले, सितंबर 2022 तिमाही में उनकी हिस्सेदारी 1.61 फीसदी (45,75,687 इक्विटी शेयर) थी. इस तरह, अक्टूबर-दिसंबर 2022 के दौरान रेखा झुनझुनवाला ने टाटा कम्युनिकेशंस में करीब 0.2 फीसदी हिस्सेदारी (5.25 लाख इक्विटी) बढ़ाई है. स्टॉक एनॉलसिस प्लेटफॉर्म ट्रेंडलाइन के मुताबिक, टाटा कम्युनिकेशंस झुनझुनवाला पोर्टफोलियो में दिसंबर 2020 से है.
टाटा कम्युनिकेशंस का शेयर 11 जनवरी 2023 को 1417.25 रुपये पर बंद हुआ था. वहीं, 12 जनवरी 2018 को स्टॉक का भाव 420.12 रुपये था. इस तरह बीते 5 साल में स्टॉक में 233 फीसदी से ज्यादा का रिटर्न देखने को मिला. यानी, अगर किसी ने पांच साल पहले स्टॉक में 1 लाख रुपये लगाए हैं, तो आज उसकी वैल्यू 3.33 लाख रुपये से ज्यादा है.
2023 में अब तक टाटा कम्युनिकेशंस का शेयर 6 फीसदी से ज्यादा उछल चुका है. जबकि, पिछले 6 महीने में शेयर 41 फीसदी उछल चुका है. ट्रेंडलाइन के मुताबिक, राकेश झुनझुनवाला पोर्टफोलियो में 30 शेयर हैं, जिनकी नेटवर्थ 33,230.4 करोड़ रुपये से ज्यादा है.
(डिस्क्लेमर: शेयर बाजार में निवेश बाजार के जोखिमों के अधीन हैं. यहां निवेश की सलाह नहीं दी गई है. निवेश से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें.)
Zee Business Hindi Live TV यहां देखें