बीते करीब तीन माह से दिल्ली समेत पूरे देश में प्याज के दाम लोगों को रुला रहे हैं, लेकिन अब लोगों को जल्द इससे राहत मिलने वाली है. दरअसल, नासिक से नई प्याज की फसलें आनी शुरू हो गई जिससे इसके दाम में भारी गिरावट देखी जा रही है. (रिपोर्ट एवं फोटो- सुमित कुमार/ नई दिल्ली)
1/7थोक मंडी में तो देसी प्याज के दाम आधे हो गए हैं. नई दिल्ली की ओखला मंडी में पिछले 2 दिनों से प्याज की आवक दोगुनी हो गई है.
2/7नासिक से आए प्याज व्यापारी शकील ने बताया कि पिछले 2-3 दिनों में प्याज के दाम आधे हो गए हैं क्योंकि, नासिक में प्याज की नई फसलें तैयार हो गई हैं और दिल्ली समेत पूरे देश में इसकी सप्लाई शुरू हो गई है.
3/7नासिक से आए प्याज की आवक ओखला मंडी में पहले के मुकाबले दोगुनी हो गई है. पहले रोजाना सौ टन प्याज आया करता था अब ढाई सौ आ रहा है. हालांकि पुराने स्टॉक के चलते लोग अभी भी महंगा खरीदने को मजबूर हैं.
4/7दूसरी ओर देश में 5 हजार टन विदेशी प्याज का स्टॉक होने के बाद भी इसे खरीदने वाला कोई नहीं है. लोगों के बाद अब राज्यों की ओर से इसमें कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई जा रही है. जिसके चलते इसके दाम लगातार गिरते जा रहे हैं.
5/7थोक में विदेशी प्याज के दाम 35 रुपये प्रति किलो तक जा पहुंचा है. प्याज व्यापारियों ने बताया कि विदेशी प्याज में स्वाद नहीं होता है जिसके चलते लोग इसे एक बार खरीद लेते हैं तो दुबारा नहीं खरीदते.
6/7गौरतलब है कि ज्यादा बारिश से प्याज के उत्पादन में करीब 25 फीसद की गिरावट आई थी जिससे इसकी कीमतों में भारी बढ़ोतरी देखी गई है.
7/7सरकार पहले ही प्याज के निर्यात पर प्रतिबंध लगा चुकी है. व्यापारियों के लिए स्टॉक सीमा तय कर दी गई है. यही नहीं सरकार सस्ती दर पर बफर स्टॉक की आपूर्ति भी कर रही है. अधिकारियों की मानें तो लाल और पीले, दोनों रंगों के प्याज तुर्की, मिस्र और अफगानिस्तान से आयात किए जा रहे हैं.