&format=webp&quality=medium)
Sensex की टॉप 10 में 9 कंपनियों का मार्केट कैप 1.87 लाख करोड़ रुपये घटा, HDFC Bank को हुआ सबसे ज्यादा नुकसान (Reuters)
सेंसेक्स की टॉप 10 सबसे बड़ी कंपनियों में से 9 कंपनियों के मार्केट कैप (Market Capitalization) में पिछले हफ्ते 1,87,808.26 करोड़ रुपये की गिरावट दर्ज की गई. इनमें सबसे ज्यादा नुकसान एचडीएफसी बैंक (HDFC Bank) और रिलायंस इंडस्ट्रीज (Reliance Industries) को हुआ है. बताते चलें कि पिछले हफ्ते बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 1,538.64 अंक यानी 2.52 प्रतिशत नीचे आ गया था. बाजार में इस बात को लेकर चिंता है कि महंगाई की वजह से अमेरिकी केंद्रीय बैंक ब्याज दरों में और बढ़ोतरी कर सकता है. इसके अलावा विदेशी फंड्स की निकासी से भी बाजार की धारणा पर असर पड़ा है.
पिछले हफ्ते आईटीसी को छोड़कर टॉप 10 में शामिल अन्य सभी कंपनियों के मार्केट कैप में गिरावट देखने को मिली. सप्ताह के दौरान एचडीएफसी बैंक का मार्केट कैप 37,848.16 करोड़ रुपये घटकर 8,86,070.99 करोड़ रुपये रह गया. रिलायंस इंडस्ट्रीज के मार्केट कैप में 36,567.46 करोड़ रुपये की गिरावट आई और ये लुढ़क कर 16,14,109.66 करोड़ रुपये रह गई. टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) का बाजार पूंजीकरण 36,444.15 करोड़ रुपये के नुकसान के साथ 12,44,095.76 करोड़ रुपये पर गया, जबकि एचडीएफसी का मार्केट कैप 20,871.15 करोड़ रुपये की गिरावट के साथ 4,71,365.94 करोड़ रुपये पर आ गया.
इनके अलावा, आईसीआईसीआई बैंक का मार्केट कैप 15,765.56 करोड़ रुपये घटकर 5,86,154.58 करोड़ रुपये रह गया. इन्फोसिस का बाजार पूंजीकरण 13,465.86 करोड़ रुपये के नुकसान के बाद 6,52,862.70 करोड़ रुपये पर आ गया. भारती एयरटेल का बाजार पूंजीकरण 10,729.2 करोड़ रुपये घटकर 4,22,034.05 करोड़ रुपये रह गया. भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) का बाजार मूल्यांकन 8,879.98 करोड़ रुपये के नुकसान से 4,64,927.66 करोड़ रुपये पर आ गया. हिंदुस्तान यूनिलीवर का बाजार मूल्यांकन 7,236.74 करोड़ रुपये घटकर 5,83,697.21 करोड़ रुपये रह गया.
हालांकि, इस रुख के उलट आईटीसी का बाजार पूंजीकरण 2,143.73 करोड़ रुपये के उछाल के साथ 4,77,910.85 करोड़ रुपये पर पहुंच गया. बताते चलें कि टॉप 10 कंपनियों की लिस्ट में रिलायंस इंडस्ट्रीज अभी भी पहले स्थान पर कायम है. उसके बाद क्रमश: टीसीएस, एचडीएफसी बैंक, इन्फोसिस, आईसीआईसीआई बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, आईटीसी, एचडीएफसी, एसबीआई और भारती एयरटेल का स्थान रहा.
भाषा इनपुट्स के साथ