&format=webp&quality=medium)
एफडी की तरह रेकरिंग डिपॉजिट यानी आरडी (Recurring Deposit-RD) भी लोगों के लिए एक ऐसा विकल्प है, जिस पर उनका वर्षों से भरोसा रहा है. आरडी में मासिक रूप से निवेश करना होता है. मैच्योरिटी पर आपको रकम ब्याज समेत मिलती है. बैंकों में तो आपको अलग-अलग टाइम पीरियड की आरडी का विकल्प मिल जाएगा, लेकिन अगर आप पोस्ट ऑफिस में आरडी शुरू करना चाहते हैं, तो आपको 5 साल के लिए आरडी करवानी पड़ेगी.
हाल ही पोस्ट ऑफिस आरडी पर ब्याज बढ़ाया गया है. इसे 6.5% से बढ़ाकर 6.7% कर दिया गया है. 1 अक्टूबर से ये नई दरें लागू भी हो चुकी हैं. ऐसे में लोगों का ध्यान पोस्ट ऑफिस आरडी की ओर खिंचा है. लेकिन अगर आप पोस्ट ऑफिस में आरडी शुरू करवाते हैं और आपको 5 साल से पहले पैसों की जरूरत पड़ जाती है, तो इसके क्या नियम हैं और अगर 5 साल के बाद भी आप आरडी को जारी रखना चाहते हैं तो इसके एक्सटेंशन के क्या नियम हैं? ये दोनों ही बातें जानना बहुत जरूरी है. यहां जानिए इसके बारे में.
नियम के अनुसार पोस्ट ऑफिस आरडी अकाउंट 5 साल बाद मैच्योर होता है, लेकिन जरूरत पड़ने पर आप इसे खाता खुलवाने की तारीख से तीन साल बाद बीच में बंद करा सकते हैं. लेकिन आप इस अकाउंट को अगर मैच्योरिटी पीरियड से एक दिन पहले भी बंद कराते हैं तो आपको इसमें आरडी की मौजूदा ब्याज दर यानी 6.7% के हिसाब से ब्याज नहीं दिया जाएगा, बल्कि पोस्ट ऑफिस सेविंग अकाउंट के बराबर ब्याज दिया जाएगा. मौजूदा समय में पोस्ट ऑफिस सेविंग अकाउंट पर 4% ब्याज मिल रहा है. ऐसे में प्रीमैच्योर क्लोजर पर आपको 4 फीसदी के हिसाब से रिटर्न मिलेगा.
अगर आप पांच साल बाद भी अपने आरडी अकाउंट को जारी रखना चाहते हैं, तो आपको इसके लिए पोस्ट ऑफिस में एक एप्लीकेशन देनी होगी. लेकिन आपके एक्सटेंड किए गए आरडी अकाउंट पर वहीं ब्याज दर दी जाएगी जो उसे खोलते समय दी गई थी. विस्तार किए गए खाते को कभी भी बंद कराया जा सकता है. लेकिन
बंद कराने पर पूर्ण वर्षों के लिए, आरडी ब्याज दर लागू होगी और एक वर्ष से कम अवधि के लिए, पोस्ट ऑफिस बचत खाता ब्याज दर लागू होगी. इसलिए कोशिश करें कि मैच्योरिटी के बाद आप एक्टेंडेड खाते को एक, दो, तीन आदि वर्ष पूरे होने के बाद ही बंद करवाएं.
कोई भी व्यक्ति जिसकी उम्र 18 साल है, वो अपने लिए पोस्ट ऑफिस में आरडी अकाउंट खुलवा सकता है. वहीं बच्चे के नाम उसके अभिभावक ये खाता खोल सकते हैं. अगर बच्चे की उम्र 10 साल से ज्यादा है और वो एक समान हस्ताक्षर कर सकता है, तो वो खुद ही अपने नाम पोस्ट ऑफिस RD अकाउंट खुलवा सकता है. इसके अलावा दो से तीन लोग मिलकर अपने लिए आरडी का जॉइंट अकाउंट भी ओपन करवा सकते हैं.
Zee Business Hindi Live TV यहां देखें