&format=webp&quality=medium)
अगर आप शेयर मार्केट में सीधे स्टॉक में निवेश करके किसी तरह का जोखिम नहीं उठाना चाहते हैं, तो Mutual Funds में इन्वेस्ट कर सकते हैं. म्यूचुअल फंड्स के जरिए भी आपका पैसा मार्केट में ही लगाया जाता है, लेकिन इसे सीधेतौर पर स्टॉक में पैसा लगाने की तुलना में कम जोखिमभरा माना जाता है. बीते कुछ समय में म्यूचुअल फंड्स के जरिए काफी अच्छा रिटर्न मिला है, यही वजह है कि म्यूचुअल फंड्स की ओर अब लोग तेजी से आकर्षित हो रहे हैं.
Mutual Funds में निवेश करने के दो पॉपुलर तरीके हैं- एक Lumpsum और दूसरा SIP. इन दोनों तरीकों के अपने अपने फायदे और नुकसान हैं. अगर आप भी म्यूचुअल फंड्स में निवेश करना चाहते हैं तो Lumpsum और SIP के फायदे-नुकसान समझ लें, ताकि आपको ये समझ में आ जाए कि आपके लिए कौन सा तरीका बेस्ट है.
पहले बात SIP की करते हैं. एसआईपी का सबसे बड़ा फायदा यह है कि इसमें आप अपनी सहूलियत के हिसाब से हर महीने एक निश्चित रकम निवेश कर सकते हैं. आप इसकी शुरुआत 100 रुपए से भी कर सकते हैं. एसआईपी का फायदा ये भी है कि इसमें आपको फ्लैक्सिबिलिटी मिल जाती है यानी आप अपनी आमदनी के हिसाब से इसमें निवेश को समय के साथ बढ़ा-घटा सकते हैं, इसे जरूरत पड़ने पर बीच में रोक सकते हैं और कभी भी पैसा विद्ड्रॉल कर सकते हैं.
फाइनेंशियल एक्सपर्ट्स मानते हैं कि अगर आप SIP में लंबे समय के लिए पैसा लगाएं और आमदनी बढ़ने के साथ इसमें निवेश को थोड़ा-थोड़ा बढ़ाते रहें, साथ ही निवेश के मामले में अनुशासित रहें, तो एसआईपी के जरिए काफी मोटा फंड तैयार कर सकते हैं. एसआईपी का फायदा यह है कि आप बाजार के सभी तरह के उतार-चढ़ाव के बीच इसमें निवेश करते हैं. इस कारण आपका निवेश एवरेज होता रहता है. हालांकि एसआईपी का नुकसान ये है कि इसमें आप बाजार में किसी बड़ी गिरावट का फायदा नहीं उठा पाते हैं. इसके अलावा अगर एसआईपी की कोई किस्त भूल जाते हैं तो आपको जुर्माने का भुगतान करना पड़ सकता है.
Lumpsum के जरिए जब आप म्यूचुअल फंड्स में एकमुश्त पैसा इन्वेस्ट करते हैं. एकमुश्त निवेश करने का फायदा ये है कि आप बाजार की स्थिति देखते हुए निवेश कर सकते हैं और इसके उतार-चढ़ाव का फायदा उठा सकते हैं. इसमें आप पर किसी तरह का जुर्माना वगैरह नहीं लगता. हालांकि लंपसम में आपको लगातार एक निश्चित तिथि पर निवेश करने की जरूरत नहीं होती, जब-जब आपके पास एकमुश्त पैसा हो, आप इसे म्यूचुअल फंड्स में लगा सकते हैं.
लेकिन फाइनेंशियल एक्सपर्ट्स मानते हैं कि लंपसम में पैसा तभी लगाना चाहिए, जब आपके पास एक बड़ी पूंजी हो और आपको मार्केट की अच्छी समझ हो. इसमें छोटी सी गलती आपका नुकसान भी करवा सकती है. लेकिन अगर आप नए हैं और आप मार्केट में कम रिस्क लेते हुए अच्छा रिटर्न पाना चाहते हैं तो एसआईपी बेस्ट ऑप्शन हो सकता है.