&format=webp&quality=medium)
क्या होता है ट्रैवल इंश्योरेंस और कैसे मिलता है इसका फायदा, घूमने का शौक है तो जरूर जानें
अगर आपको घूमना पसंद है या आए दिन यात्रा करनी पड़ती है, तो आपको ट्रैवल इंश्योरेंस के बारे में जरूर जानना चाहिए. ट्रैवल इंश्योरेंस आपकी यात्रा के दौरान कई तरह के जोखिम को कवर करता है और आपके सफर को सुरक्षित बनाने का काम करता है. यात्रा के समय सामान चोरी होने की स्थिति, मेडिकल इमरजेंसी, सफर के दौरान दुर्घटना, पासपोर्ट खो जाने, फ्लाइट में देरी या फ्लाइट कैंसिलेशन आदि तमाम तरह की स्थितियों को इस इंश्योरेंस में कवर किया जाता है. हालांकि ट्रैवल इंश्योरेंस भी कई तरह के होते हैं. आप जिस तरह की पॉलिसी खरीदते हैं, आपको सुविधाएं भी उसी तरह की मिलती हैं. अगर आप भी अक्सर सफर करते हैं और ट्रैवल इंश्योरेंस खरीदने का मन बना रहे हैं, तो यहां जानिए इससे जुड़ी खास बातें.
आपके ट्रैवल इंश्योरेंस का प्रीमियम आपकी पसंद के प्लान के आधार पर कैलकुलेट किया जाता है. आपकी ट्रिप कितने दिनों की है, सिंगल ट्रिप प्लान है, मल्टी ट्रिप प्लान है, स्टूडेंट्स प्लान है या सीनियर सिटीजन प्लान है, इन सभी प्लान के हिसाब से प्रीमियम डिसाइड होता है. इसके अलावा आप अपनी छुट्टियों के हिसाब से अपने ट्रैवल इंश्योरेंस प्लान में अतिरिक्त कवर डलवा सकते हैं. उदाहरण के लिए आप होम इंश्योरेंस जोड़ सकते हैं, महंगी चीजों और जरूरी दस्तावेजों के लिए कवर ले सकते हैं. हालांकि इन सभी अतिरिक्त कवर्स के लिए प्रीमियम भी ज्यादा लगेगा.
अगर आप ट्रैवल इंश्योरेंस पॉलिसी को खरीदने का मन बना चुके हैं तो पॉलिसी खरीदने से पहले ये जरूर देख लें कि उसमें क्या-क्या कवर मिल रहा है. अपनी जरूरत के हिसाब से पॉलिसी का चुनाव करें. अगर आप भारत और विदेश, दोनों जगहों की यात्रा करते हैं, तो देख लें कि इसमें देश और विदेश यात्रा दोनों ही कवर हो रही हैं या नहीं. अगर आप सिर्फ देश के अंदर ही ट्रैवल करते हैं, विदेश घूमने का फिलहाल कोई प्लान नहीं है, तो उस हिसाब से पॉलिसी का चुनाव करें. इसके अलावा आपको इंश्योरेंस एजेंट से अपने मन में उठ रहे सभी संदेह और आशंका से जड़े सवाल जरूर करें. नियम और शर्तें क्या हैं, यह जानना बेहद जरूरी है. कई बार लोग इन नियमों और शर्तों पर ध्यान नहीं देते और बाद में इसके चक्कर में परेशानी में पड़ जाते हैं.
जब आप ट्रैवल इंश्योरेंस पॉलिसी खरीदते हैं तो इसमें पहले से मौजूद बीमारी, युद्ध का रिस्क, आत्महत्या या उन्माद और खतरनाक खेल जैसी चीजें कवर नहीं होती हैं. हालांकि आजकल बाजार में अलग-अलग कवर वाली पॉलिसी के साथ मौजूद हैं, आप अपनी जरूरत के हिसाब से इसका चुनाव करें.
Zee Business Hindi Live TV यहां देखें