&format=webp&quality=medium)
केंद्र सरकार ने व्यापारियों के लिए की ये बड़ी घोषणा (फाइल फोटो)
केंद्र सरकार ने एक नोटिफिकेशन जारी कर के सरकार द्वारा राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के गठन की अधिसूचना जारी कर दी है. व्यापारियों के संगठन कैट की ओर से सरकार के इस कदम का स्वागत किया गया है. कैट ने कहा है की केंद्र सरकार का यह एक ऐतिहासिक कदम है. सरकार के इस कदम से देश के 7 करोड़ व्यापारियों को फायदा मिलेगा.
बोर्ड ये काम करेगा
नोटिफिकेशन के अनुसार राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड व्यापारियों और उनके कर्मचारियों के कल्याण के लिए नीतियां बनाने का काम करेगा. व्यापारियों के लिए सरकार की ओर से जारी होने वाले अधिनियमों और नियमों को सरल करने का सुझाव देगा. यह व्यापारियों पर पड़ने वाले विभिन्न प्रकार के कागजी कार्रवाई के बोझ को भी कम करने का सुझाव देगा. बोर्ड की ओर से व्यापारियों और उनके कर्मचारियों के लिए बीमा, पेंशन, स्वास्थ्य सेवा जैसे सामाजिक सुरक्षा लाभों के बारे में भी सिफारिशें की जाएंगी.
बोर्ड में एक अध्यक्ष होगा जो गैर सरकारी होगा और 5 गैर सरकारी सदस्य और व्यापार संघों के 10 प्रतिनिधि होंगे. 8 मंत्रालयों और नीति आयोग के प्रतिनिधियों को भी बैठकों में आमंत्रित किया जाएगा. बोर्ड की हर तीन महीने में कम से कम एक बार बैठक होगी.
यहां देखें जी बिजनेस लाइव टीवी
व्यापारियों ने किया स्वागत
इस मौके पर कैट के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि 19 अप्रैल, 2019 को नई दिल्ली में कैट द्वारा आयोजित एक व्यापारी रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने ट्रेडर्स वेलफेयर बोर्ड के गठन की बात कही थी. ऐसे में कैट सरकार के इस कदम का स्वागत करता है. प्रवीन खंडेलवाल ने कहा कि बोर्ड जहाँ एक तरफ व्यापारियों के मुद्दों को हल करने की दिशा में सार्थक कदम उठाएगा वहीं दूसरी तरफ यह देश भर मे सरकार के कार्यक्रम और नीतियों को आम व्यापारियों तक पहुंचाने का भी काम करेगा.