&format=webp&quality=medium)
Congress Manifesto on Taxation: लोकसभा चुनाव 2024 के लिए कांग्रेस ने अपना घोषणापत्र जारी कर दिया है. पार्टी ने इसे 'न्याय पत्र' नाम दिया है। कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी की मौजूदगी में घोषणापत्र जारी किया गया. घोषणापत्र में रोजगार और टैक्स सिस्टम से जुड़े कई वादे किए हैं. कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र में वादा किया है कि सरकार में आने के बाद जीएसटी के कानूनों में बदलाव किया जाएगा. इसके अलावा एंजल टैक्स व्यवस्था को भी खत्म करने की बात कही गई है.
कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र में लिखा, 'कांग्रेस एक डायरेक्ट टैक्स कोड बनाएगी जो डायरेक्ट टैक्स की ट्रांसपेरेसी, समानता, स्पष्टता और निष्पक्ष कर प्रशासन के युग की शुरूआत करेगी. कांग्रेस अपने पूरे कार्यकाल के दौरान व्यक्तिगत आयकर दरों को स्थिर बनाए रखेगी। इससे वेतन प्राप्त करने वाले वर्ग को बढ़ती कर की दरों का सामना नहीं करना पड़ेगा और उन्हें मध्यम से लंबी अवधि में अपने वित्त की योजना बनाने में स्पप्टता मिलेगी.' कांग्रेस "एंजेल टैक्स" और निवेश को बाधित करने वाली अन्य सभी शोषणकारी कर योजनाओं को खत्म करेगी.
कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र में आगे लिखा, 'कांग्रेस व्यक्तिगत (प्रोप्राइटरशिप) और साझेदारी फर्मों के स्वामित्व वाले सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एम.एस.एम.ई.) पर कर का बोझ कम करेगी. कांग्रेस केंद्रीय उपकर और अधिभार को सकल कर राजस्व के 5 प्रतिशत तक सीमित करने के लिए एक कानून लाएगी. इस कानून के माध्यम से राज्यों को उनके कर राजस्व के उचित हिस्से से वंचित करने के लिए मोदी सरकार के दोहरे "उपकर"राज को समाप्त किया जाएगा.'