ब्रिटेन के वित्त मंत्री रह चुके भारतीय मूल के ऋषि सुनक का नाम इतिहास में दर्ज हो गया है. पिछले महीने जहां यूके पीएम इलेक्शन में वो लिज़ ट्रस से हार गए थे, लेकिन ट्रस ने 45 दिनों के भीतर ही इस्तीफा दे दिया और अब सुनक ब्रिटेन की कंजर्वेटिव पार्टी के नेता और ब्रिटेन के अगले प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं. वो इस पद पर बैठने वाले पहले ब्रिटिश-एशियाई शख्स होंगे. लेकिन उनके साथ-साथ उनकी पत्नी अक्षता मूर्ति की भी उतनी ही चर्चा है. अक्षता मूर्ति अब ब्रिटेन की फर्स्ट लेडी बनेंगी. लेकिन मूर्ति बस सुनक की पत्नी ही नहीं हैं, उनकी पहचान इसके अलग भी है.
1/6अक्षता मूर्ति आईटी सेक्टर की टॉप की कंपनी इन्फोसिस के फाउंडर नारायण मूर्ति व इंजीनियर और लेखिका सुधा मूर्ति की बेटी हैं. यानी कि नारायण मूर्ति के दामाद ब्रिटेन के अगले पीएम बन रहे हैं. नारायण मूर्ति को 'भारत का बिल गेट्स' और 'भारतीय आईटी सेक्टर का जनक' कहा जाता है. ऋषि सुनक का जन्म जहां इंग्लैंड के साउथैंप्टन में हुआ था. वहीं, अक्षता मूर्ति का जन्म कर्नाटक के हुबली में हुआ था.
2/6अक्षता मूर्ति ने कैलफोर्निया के क्लेरमॉन्ड मैकेना कॉलेज से पढ़ाई की. फिर स्टैनफर्ड यूनिवर्सिटी से एमबीए किया. यहीं उनकी मुलाकात ऋषि सुनक से हुई. 2006 में दोनों की शादी बेंगलुरु में हो गई. सुनक के पीएम बनने पर नारायण मूर्ति ने उनको बधाई दी है और कहा है कि "उन्हें सुनक पर गर्व है."
3/6अक्षता मूर्ति और ऋषि सुनक की दो बेटियां हैं- कृष्णा और अनुष्का. ऋषि सुनक खुद को 'Family Man' के तौर पर पोर्ट्रे करते रहे हैं. उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा था कि जब उनकी बेटियां हुई थीं तो वो उनके साथ ज्यादा से ज्यादा वक्त बिताते थे. उनके हिसाब से पैरेंटिंग के लिए बच्चों के पैदा होने से लेकर 3 सालों तक सबसे अच्छा वक्त होता है.
4/6मूर्ति और सुनक को ब्रिटेन के सबसे अमीर कपल्स में से एक गिना जाता है. रिपोर्ट के मुताबिक, सुनक का नेटवर्थ 730 मिलियन पाउंड के आसपास है. वहीं, अक्षता मूर्ति के पास इन्फोसिस में शेयरहोल्डिंग है, जिसके चलते कथित रूप से उनका नेटवर्थ 1.2 बिलियन डॉलर के आसपास है. संडे टाइम्स की रिच लिस्ट के मुताबिक, मूर्ति की कुल संपत्ति का मूल्य दिवंगत महारानी एलिजाबेथ कि अनुमानित संपत्ति से भी ज्यादा था.
5/6अक्षता मूर्ति का नाम टैक्स विवाद में काफी लंबा खिंचा था क्योंकि आरोप थे कि ब्रिटेन में वो नॉन-डोमिसाइल स्टेटस (जो किसी अन्य देश को अपना पहला देश मानता हो और बाहर से आ रही कमाई पर टैक्स नहीं भरता हो) पर रह रही थीं और यूके सरकार को टैक्स नहीं चुका रही थीं. विवाद होने पर उन्होंने कहा कि वो नॉन-डोमिसाइल स्टेटस छोड़ देंगी और टैक्स भी चुकाएंगी.
6/6ब्रिटेन में कॉस्ट-ऑफ लिविंग में रिकॉर्ड ऊंचाई देखे जाने के बीच पीएम इलेक्शन कैंपेन के दौरान अक्षता मूर्ति अपने चाय के कप्स को लेकर निशाने पर आ गई थीं. दरअसल, कैंपेन के दौरान उनके घर के सामने जर्नलिस्ट्स इकट्ठा थे. उन्होंने उनके लिए चाय-बिस्किट का इंतजाम किया. इसकी तस्वीरें कुछ जर्नलिस्ट्स ने शेयर की थीं, लेकिन कप्स के ब्रांड और उनकी कीमत को देखकर लोगों ने टारगेट कर लिया. कथित रूप से ये कप्स Emma Lacy नाम के ब्रांड के थे और इनमें से एक-एक की कीमत 38 पाउंड यानी कि 3,500 के आसपास की थी. इसके पहले ऋषि सुनक की संपत्ति को लेकर भी ऐसे सवाल उठ चुके हैं कि वो इतने अमीर हैं तो वो जमीनी हकीकत कैसे समझेंगे.