2023 के आखिरी हफ्ते में 1133 अंक उछला Sensex, जानें किस कंपनी को हुआ सबसे ज्यादा लाभ

2023 के आखिरी हफ्ते में सेंसेक्स में 1133 अंकों की तेजी दर्ज की गई. HDFC Bank के मार्केट कैप में सबसे ज्यादा उछाल दर्ज किया गया. 1 जनवरी यानी सोमवार को बाजार खुला रहेगा.
2023 के आखिरी हफ्ते में 1133 अंक उछला Sensex, जानें किस कंपनी को हुआ सबसे ज्यादा लाभ

सेंसेक्स की शीर्ष 10 में से आठ कंपनियों के बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) में पिछले सप्ताह सामूहिक रूप से 1,29,899.22 करोड़ रुपए की बढ़ोतरी हुई. बीते कम कारोबारी सत्रों वाले सप्ताह में बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 1,133.3 अंक या 1.59 फीसदी के लाभ में रहा. सेंसेक्स 28 दिसंबर को 72,484.34 अंक के अपने सर्वकालिक उच्चस्तर पर पहुंचा. ‘क्रिसमस’ के अवसर पर सोमवार को शेयर बाजार बंद रहे थे.

HDFC Bank का मार्केट कैप 29828 करोड़ रुपए बढ़ा

समीक्षाधीन सप्ताह में रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, भारती एयरटेल, आईटीसी, भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) और भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) के बाजार पूंजीकरण में बढ़ोतरी हुई. वहीं टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) और इन्फोसिस की बाजार हैसियत घट गया. सप्ताह के दौरान एचडीएफसी बैंक का बाजार मूल्यांकन सबसे अधिक 29,828.84 करोड़ रुपए बढ़कर 12,97,972.04 करोड़ रुपए पर पहुंच गया. एलआईसी के बाजार मूल्यांकन में 25,426.49 करोड़ रुपए की बढ़ोतरी हुई और यह 5,27,062.06 करोड़ रुपए रहा.

Add Zee Business as a Preferred Source

HUL का मार्केट कैप 20735 करोड़ रुपए बढ़ा

भारती एयरटेल की बाजार हैसियत 24,510.96 करोड़ रुपए बढ़कर 5,80,645.54 करोड़ रुपए पर और हिंदुस्तान यूनिलीवर की 20,735.14 करोड़ रुपए के उछाल के साथ 6,25,778.39 करोड़ रुपए पर पहुंच गई. रिलायंस इंडस्ट्रीज की बाजार हैसियत 13,633.07 करोड़ रुपए बढ़कर 17,48,827.92 करोड़ रुपए पर पहुंच गई. आईटीसी का मूल्यांकन 9,164.74 करोड़ रुपए के उछाल के साथ 5,76,809.77 करोड़ रुपए हो गया.

SBI का मार्केट कैप 4730 करोड़ रुपए बढ़ा

एसबीआई ने सप्ताह के दौरान 4,730.04 करोड़ रुपए जोड़े और इसका बाजार पूंजीकरण 5,72,915.46 करोड़ रुपए पर पहुंच गया. आईसीआईसीआई बैंक का मूल्यांकन 1,869.94 करोड़ रुपए बढ़कर 6,98,965.47 करोड़ रुपए हो गया. इस रुख के उलट टीसीएस का बाजार पूंजीकरण 11,105.22 करोड़ रुपए घटकर 13,88,591.70 करोड़ रुपए रह गया. इन्फोसिस की बाजार हैसियत में 7,946.24 करोड़ रुपए की गिरावट आई और यह 6,40,351.80 करोड़ रुपए पर आ गई.

मार्केट कैप के लिहाज से टॉप-10 कंपनियां

शीर्ष 10 कंपनियों की सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर कायम रही. उसके बाद क्रमश: टीसीएस, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, इन्फोसिस, हिंदुस्तान यूनिलीवर, भारती एयरटेल, आईटीसी, एसबीआई और एलआईसी का स्थान रहा.