&format=webp&quality=medium)
(Representational Image)
Mutual Fund SIP Calculator: शेयर बाजार में जारी गिरावट के बीच म्यूचुअल फंड SIP (Systematic Investment Plan) में निवेशकों का भरोसा लगातार मजबूत बना हुआा है. मई 2022 में लगातार 9वें महीने SIP के जरिए 10,000 करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश आया. SIP निवेशकों की बढ़ती तादाद के चलते मई 2022 में लगातार 15वें महीने इक्विटी फंड्स में इनफ्लो बना हुआ है. इक्विटी म्यूचुअल फंड्स में 18,529 करोड़ का निवेश आया है. SIP की खासियत यह है कि इसमें 100 रुपये मंथली से भी निवेश शुरू कर सकते हैं. आपको एकमुश्त बड़ा अमाउंट निवेश की जरूरत नहीं होती है और इस पर रिटर्न भी इक्विटी जैसा मिलता है. लंबी अवधि तक SIP बनाए रखने पर कम्पाउंडिंग का जबरदस्त फायदा होता है. आप छोटी-मोटी बचत को अगर हर महीने निवेश की आदत बना लें, तो आप अगले कुछ सालों में लाखों रुपये का फंड आसानी से बना सकते हैं.
मान लीजिए आप रोज 100 रुपये की सेविंग करते हैं, तो हर महीने आपकी बचत 3000 रुपये हो गई. अगर आप हर महीने 3000 रुपये की SIP करते हैं और सालाना रिटर्न 12 फीसदी रहता है, तो अगले 20 साल में करीब 30 लाख रुपये का फंड आसानी से बना सकते हैं. इस पूरे टेन्योर में आपका निवेश 7.2 लाख रुपये होगा, जबकि अनुमानित वेल्थ गेन 22.8 लाख रुपये हो सकता है. लंबी अवधि के दौरान कई स्कीम्स में SIP का औसत रिटर्न 12 फीसदी सालाना रहा है. यहां, यह ध्यान रखें कि अगर सालाना रिटर्न कम या ज्यादा होता है, तो इसका असर आपके कॉपर्स पर पड़ सकता है. रिटर्न की चाल बाजार की चाल पर निर्भर करती है.
मोतीलाल ओसवाल AMC के चीफ बिजनेस ऑफिसर अखिल चतुर्वेदी के मुताबिक, SIP में लगातार निवेश आ रहा है. इसके चलते इक्विटी फंड्स में नेट इनफ्लो देखा जा रहा है. ग्लोबल लेवल पर अनिश्चितता के बावजूद इक्विटी म्यूचुअल फंड्स को लेकर निवेशकों का रुझान बना हुआ है. AMFI के चीफ एग्जीक्यूटिव एनएस वेंक्टेशन के मुताबिक, रिटेल म्यूचुअल फंड निेवशक SIP मोड से पैसा लगा रहे हैं. लॉन्ग टर्म सेविंग्स के लिए इक्विटी और हाइब्रिड क्लास में उनका निवेश बना हुआ है.
एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड इन इंडिया (AMFI) के आंकड़ों के मुताबिक, मई 2022 लगातार नौवां महीना है, जब SIP में 10,000 करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश आया है. सितंबर 2021 में यह ट्रेंड शुरू हुआ, जब 10,351 करोड़ रुपये का नेट इनफ्लो एसआईपी के जरिए आया था.
(डिस्कलेमर: म्यूचुअल फंड में निवेश बाजार के जोखिमों के अधीन है. निवेश से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें.)