Savings Account: कई सारे हैं सेविंग अकाउंट तो बंद कराने से पहले इन 4 बातों को न करें इग्‍नोर

अगर आपके पास एक से ज्‍यादा सेविंग अकाउंट हैं और आप उसमें से किसी अकाउंट को बंद करवाना चाहते हैं, तो कुछ बातों को विशेष रूप से एक बार जरूर जांच लें, ताकि बाद में किसी तरह की समस्‍या न हो.
Savings Account: कई सारे हैं सेविंग अकाउंट तो बंद कराने से पहले इन 4 बातों को न करें इग्‍नोर

Image Source- BOI

आज के समय में लोगों के पास एक से ज्‍यादा सेविंग्‍स अकाउंट होना आम बात है. लेकिन कई बार अकाउंट इतने ज्‍यादा हो जाते हैं कि उन्‍हें मेंटेन करना भी मुश्किल हो जाता है. ऐसा उन लोगों के साथ अधिकतर होता है, जो प्राइवेट जॉब करते हैं और जॉब बदलने के साथ ही कंपनी उनका नए बैंक में अकाउंट ओपन करवा देती है. अकाउंट को चालू रखने के लिए उसमें मिनिमम बैलेंस बनाए रखना और समय-समय पर ट्रांजैक्‍शन करते रहना जरूरी होता है.

लेकिन अकाउंट ज्‍यादा हो जाने पर सभी को मैनेज कर पाना आसान नहीं होता. ऐसी स्थिति में अकाउंट को बंद करा देना चाहिए. अगर आपके साथ भी ऐसी कोई स्थिति है, तो सेविंग्‍स अकाउंट को बंद कराते समय कुछ बातों को विशेष रूप से याद रखें.

खाते का स्‍टेटमेंट निकालें

Add Zee Business as a Preferred Source

सेविंग खाते को बंद करने से पहले खाते का पूरा स्टेटमेंट जरूर निकाल लें. आप या तो इसका प्रिंटआउट लेकर संभालकर रख दें या फिर डाउनलोड करके कहीं सु‍रक्षित रख लें. अगर आपके इस अकाउंट इस्‍तेमाल लोन की ईएमआई चुकाने या किसी अन्‍य काम में होता रहा है, तो भविष्‍य में आपको इसके स्‍टेटमेंट की जरूरत पड़ सकती है. इसे संभालकर रखना जरूरी होता है.

चेक करें कोई स्‍कीम तो लिंक नहीं

जिस अकाउंट को बंद कराने जा रहे हैं, एक बार देख लें कि वो आपके ईपीएफओ, इनकम टैक्स डिपार्टमेंट के अकाउंट से लिंक तो नहीं है. इसके अलावा कहीं कोई स्‍कीम तो उसके साथ अटैच नहीं है, ऐसे में मैच्‍योर होने पर स्‍कीम का पैसा उसी अकाउंट में आएगा और अकाउंट बंद हो गया तो आपका पेमेंट लटक सकता है. अगर ऐसा है तो पहले अकाउंट नंबर को अपडेट करें, उसके बाद अपने सेविंग अकाउंट को बंद करें.

पेंडिंग चार्जेज चुकाएं

कई बार एक से ज्‍यादा अकाउंट होने पर खाते में मिनिमम बैलेंस को मेंटेन करके रख पाना मुश्किल हो जाता है, अकाउंट बैलेंस निगेटिव में होने पर बैंक खाता बंद करने की इजाजत नहीं देंगे. ऐसे में कई बार सर्विस चार्ज या बैंक की ओर से लगने वाली फी वगैरह भी पेंडिंग हो जाती है. इस स्थिति में खाता बंद कराने से पहले सभी तरह के चार्जेज चुका दें, उसके बाद अकाउंट बंद कराएं. इससे आपका क्रेडिट स्‍कोर भी मेंटेन रहेगा.

क्‍लोजर चार्ज का पता करें

आमतौर पर सेविंग्‍स अकाउंट खुलवाने के 14 दिनों के भीतर और एक साल से पुराने खाते को बंद करवाने पर बैंक कोई चार्ज नहीं लेते हैं. 14 दिन से लेकर 1 साल की अवधि के दौरान अकाउंट बंद करवाने पर आपको क्‍लोजर चार्ज देना पड़ सकता है. अकाउंट क्‍लोजर चार्ज के बारे में पहले से पता कर लें और 1 साल के अंदर अकाउंट को क्‍लोज कराने से बचें.

खाता बंद कराने का तरीका

बैंक खाता बंद करवाने के लिए आपको बैंक के ब्रांच जाकर क्‍लोजर फॉर्म भरना होगा. आपको यह भी बताना होगा कि आप अपना सेविंग्‍स अकाउंट क्‍यों बंद करवा रहे हैं. अगर आपके खाते में पैसे हैं और आप उसे किसी दूसरे अकाउंट में ट्रांसफर करवाना चाहते हैं तो आपको एक और फॉर्म भरना होगा. अकाउंट बंद करते समय आपसे इस्‍तेमाल न की गई चेकबुक और डेबिट कार्ड को जमा करने के लिए कहा जाएगा. इन चीजों को अपने साथ ले जाना न भूलें.

Zee Business Hindi Live TV यहां देखें

  1. 1
  2. 2
  3. 3
  4. 4
  5. 5
  6. 6