Rules Change From 1 September: कल से नया महीना शुरू होने जा रहा है. नए महीने की शुरुआत में ही कई बड़े बदलाव हो सकते हैं. इसमें बैंकिंग सिस्टम में बदलाव से लेकर किसानों के लिए पीएम किसान सम्मान योजना के भी बदलाव हैं. इसके अलावा अगले महीने यानी सितंबर से रसोई गैस की कीमत समेत और भी बदलाव हो सकते हैं. इनमें से अगर कोई काम आपने पूरा नहीं किया है तो आपके पास बस 1 दिन का ही समय बचा है. इस खबर में उन बड़े बदलावों की पूरी लिस्ट देखें.
1/7बता दें कि हर महीने की पहली तारीख को पेट्रोलियम कंपनियों की ओर से रसोई गैस की कीमतों में बदलाव किया जाता है. ऐसे में हो सकता है कि 1 सितंबर को रसोई गैस की कीमतों में इजाफा हो जाए.
2/7पंजाब नेशनल बैंक के ग्राहकों के लिए केवाईसी कराना अनिवार्य कर दिया गया है. बैंक ने ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी थी और कहा था कि सभी ग्राहक 31 अगस्त से पहले अपनी केवाईसी करा लें. इसके लिए बैंक ब्रांच से संपर्क कर सकते हैं. अगर 31 अगस्त तक आप अपने अकाउंट को अपडेट नहीं करते हैं तो आप अपने खाते से पैसों का लेन-देन नहीं कर पाएंगे.
3/7दिल्ली आने जाने के लिए जो लोग यमुना एक्सप्रेस वे का इस्तेमाल करते हैं. उन्हें अब पहले के मुकाबले ज्यादा टोल टैक्स देना होगा. नई दरों के मुताबिक, कार, जीप, वैन और हल्के मोटर वाहनों के लिए टोल की दर को 2.50 रुपए प्रति किलोमीटर से बढ़ाकर 2.65 रुपए प्रति किमी कर दिया है. इसके अलावा हल्के कमर्शियल वाहन, हल्के माल वाहन और मिनी बसों के लिए टोल टैक्स 4.15 रुपए प्रति किमी और बस या ट्रक के लिए टोल टैक्स 8.45 रुपए प्रति किमी कर दिया है.
4/7अगर आप प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभार्थी हैं तो आपको 31 अगस्त से पहले ई-केवाईसी करा लेना जरूरी है. अगर किसान 31 अगस्त से पहले ये काम नहीं करेंगे तो उनकी अगली किस्त फंस सकती हैं.
5/7इंश्योरेंस रेगुलेटर IRDAI ने जनरल इंश्योरेंस के नियमों में बदलाव किया है. अब इंश्योरेंस एजेंट को 30-35 फीसदी की जगह 20 फीसदी कमीशन ही मिलेगा. इससे इंश्योरेंस लेने वाले लोगों की प्रीमियम राशि कम हो जाएगी.
6/7अगर आप ऑडी कार को खरीदने का प्लान बना रहे हैं और सितंबर के बाद ये काम कर सकते हैं तो आपके लिए बड़ी खबर है. सितंबर महीने से ऑडी ने अपनी सभी कारों की कीमतों में इजाफा करने का फैसला किया है. ऑडी कार की कीमतों में 2.5 फीसदी का इजाफा होने वाला है. नई कीमतें 20 सितंबर से लागू होंगी.
7/7अगर आप गाजियाबाद में प्रॉपर्टी खरीदने का प्लान बना रहे हैं तो आपको 1 सितंबर से ज्यादा पैसा खर्च करना होगा. गाजियाबाद में सर्किल रेट में 2-4 फीसदी की बढ़ोतरी होने वाली है. यानी कि प्रॉपर्टी खरीदना महंगा हो सकता है.