कोरोना वायरस से इस समय गरीब से लेकर किसान तक हर कोई परेशानियों का सामना कर रहा है. इसी को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार ने देश की जनता के लिए कई तरह की सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं. सरकार की ओर से 20 लाख करोड़ के राहत पैकेज का भी ऐलान किया गया है. इसके अलावा भी सरकार कई तरह की ऐसी स्कीम चलाती है, जिसके जरिए आपकी कमाई हो सकती है. आज हम ऐसी ही तीन योजनाओं के बारे में बताने जा रहे हैं जो केंद्र सरकार की ओर से मजदूर, किसान और व्यापारी वर्ग के लिए चलाई जाती हैं.
1/7इन योजनाओं के तहत देश के लगभग 65 लाख लोगों को हर साल 36 हजार रुपए पेंशन के रूप में दिया जा रहा है. इन योजनाओं के नाम हैं, प्रधानमंत्री श्रमयोगी मानधन योजना, प्रधानमंत्री किसान मानधन योजना एवं लघु व्यापारी पेंशन योजना.
2/7इस पेंशन योजना की शुरुआत सरकार ने साल 2019 में की है. इस योजना के तहत असंगठित क्षेत्रों में काम करने वाले लोगों को सरकार की ओर से पेंशन दी जाती है. इस योजना के तहत 60 साल की उम्र के बाद हर महीने 3000 रुपए की पेंशन मिलेगी. यानी आपको सालाना 36 हजार रुपए मिलेंगे. श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के अनुसार इस स्कीम के जरिए अबतक करीब 43.7 लाख लोग जुड़ चुके हैं.
3/7संगठित क्षेत्रों के कर्मचारी, ईपीएफओ, नेशनल पेंशन स्कीम, ईएसआईसी यानी राज्य कर्मचारी बीमा निगम के सदस्य एवं आयकर दाता इस योजना का लाभ नहीं ले सकते. इस योजना का लाभ केवल उन्हें मिलेगा जिनकी मासिक आय 15 हजार रुपए से कम है.
4/7प्रधानमंत्री किसान मानधन योजना के तहत किसानों को पेंशन दी जाती है. पीएम किसान मानधन योजना के तहत 18 से 40 की उम्र के बीच का कोई भी किसान भाग ले सकता है. 60 की उम्र के बाद किसानों को योजना के तहत 3 हजार रुपए महीना या 36 हजार रुपए सालाना पेंशन मिलेगी. अबतक इस स्कीम से करीब 20 लाख किसान जुड़ चुके हैं.
5/7प्रधानमंत्री किसान मानधन योजना के लिए रजिस्ट्रेशन कराने पर कोई शुल्क नहीं लगता है. पेंशन योजना का लाभ उठाने के लिए किसान को कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) पर जाकर अपना रजिस्ट्रेशन करवाना होगा. रजिस्ट्रेशन के लिए आधार कार्ड ले जाना होगा. रजिस्ट्रेशन के लिए 2 फोटो और बैंक की पासबुक की भी जरूरत होगी. रजिस्ट्रेशन के लिए किसान को अलग से कोई भी फीस नहीं देनी होगी. रजिस्ट्रेशन के दौरान किसान का किसान पेंशन यूनिक नंबर और पेंशन कार्ड बनाया जाएगा.
6/7पीएम नरेंद्र मोदी ने सितंबर, 2019 में झारखंड में ही इस योजना को लॉन्च किया था. यह मुख्य रूप से छोटे कारोबारियों के लिए एक पेंशन योजना है. यह एक तरह से छोटे कारोबारियों को सामाजिक सुरक्षा देने की पहल है, जिसके तहत उन्हें 60 साल की उम्र के बाद 3000 रुपए मंथली पेंशन मिलेगी.
7/7पेंशन योजना का लाभ लेने के लिए कॉमन सर्विस सेंटर पर जाकर रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं. पेंशन योजना में सरकार भी बराबर का योगदान करेगी. योजना का फायदा लेने के लिए नियम को बहुत आसान बनाया गया है. खास बात है कि इस योजना का लाभ लेने के लिए आधार नंबर और बैंक खाता के अलावा अन्य किसी डॉक्यूमेंट की जरूरत नहीं होगी.