दिवाली में बस गिने-चुने दिन रह गए हैं. इस त्योहार का इंतजार हममें से बहुतों को बेसब्री से होगा, दोगुनी खुशी इस बात की है कि इस बार दिवाली पर चार दिनों की छुट्टी मिलेगी. इस बार दिवाली 24 अक्टूबर, सोमवार को पड़ रहा है. इसके पहले शनिवार और रविवार की छुट्टी होगी ही, इसके बाद मंगलवार यानी 25 अक्टूबर को गोवर्धन पूजा की छुट्टी रहेगी, जिससे कि आपको चार दिनों की छुट्टी मिल जाएगी. यूं तो घर की दिवाली की बात ही कुछ और होती है, लेकिन छुट्टियों के बहाने आप इस बार कुछ अलग प्लानिंग कर सकते हैं. इस बार दिवाली बाहर मनाने का प्लान बना सकते हैं. अपने देश में दिवाली देश के हर कोने में मनाई जाती है, कुछ शहर हैं जहां की दिवाली ज्यादा फेमस है, तो इस बार क्यों न आप ये त्योहार किसी और शहर में, किसी और तरीके से मनाएं. इसीलिए हम यहां लाए हैं आपके लिए कुछ ऐसे शहरों के नाम, जहां की दिवाली देशभर में फेमस है. यहां दिवाली मनाने का अंदाज ही अलग है.
1/5अयोध्या की दिवाली पिछले कुछ सालों से खास चर्चा में रही है. यहां की देव दीपावली भी काफी फेमस है. उत्तर प्रदेश में सरयू नदी के तट पर बसा अयोध्या राम मंदिर के निर्माण के चलते आने वाले वक्त में बड़ा टूरिस्ट डेस्टिनेशन बनने वाला है. लेकिन यहां दिवाली देखने आप अभी भी जा सकते हैं. यहां दिवाली पूरे धूमधाम के साथ मनाई जाती है. यहां मंदिरों और घाटों पर भव्य सजावट की जाती है. खूब धूमधड़ाका होता है. चूंकि ऐसा कहा जाता है कि राम के अयोध्या लौटने पर अयोध्यावासियों ने दिवाली मनाई थी, इसलिए अयोध्या में इस पर्व का खास महत्व है. आप इस पल का हिस्सा बन सकते हैं.
2/5मंदिरों और घाटों के शहर की दिवाली की बात ही क्या! बनारस का अपना अलग फ्लेवर है, जो आपको सालभर चखने को मिलेगा, लेकिन दिवाली पर भी यहां जबरदस्त तैयारियां होती हैं. गंगा आरती के साथ घाटों पर दियों की कतार, आतिशबाजी और बनारसी खाना-पीना, आप यह दिवाली सेलिब्रेट करने के लिए बनारस को अपना वैकेशन डेस्टिनेशन बना सकते हैं. लगे हाथ यह भी बता दें कि बनारस की देव दीपावली भी बड़ा इवेंट होता है. कई घाटों तक कार्यक्रम पर कार्यक्रम होते हैं. उस दिन यहां घाट पर तिलभर रखने की जगह नहीं होती, लेकिन यह भी अपने आप में एक एक्सपीरियंस है. इसके बाद गंगा महोत्सव भी होता है, जो बड़ा सांस्कृतिक प्रोग्राम है. कुल मिलाकर बनारस के लिए आप वेकेशन प्लानिंग कर सकते हैं, पछताएंगे नहीं.
3/5अमृतसर का स्वर्ण मंदिर देश-दुनियाभर में जाना जाता है, लेकिन दिवाली पर इसकी अलग ही छटा होती है. सिखों के इस तीर्थस्थल पर दिवाली की रौनक देखते ही बनती है. इस दिन स्वर्ण मंदिर के ऊपर आतिशबाजी का नजारा जबरदस्त होता है. इसके साथ ही मंदिर के परिसर में दिए जलाते हैं, झालरें लगाई जाती हैं. बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं. आप यहां एक स्प्रिचुअल दिवाली मनाने आ सकते हैं.
4/5दिवाली की छुट्टी पर जयपुर जाने का भी प्लान कर सकते हैं. यहां घरों, सड़कों, गलियों में जबरदस्त सजावट होती है. जयपुर दिवाली पर ट्रैवल डेस्टिनेशन बनकर उभरा है. यहां बाजारों की सजावट को लेकर बकायदा कॉम्पटिशन होता है कि कौन सबसे दमदार सजावट करता है. यहां सड़कों पर घूमने का मजा ही कुछ और होगा. आप यहां वॉकिंग टुअर्स ले सकते हैं, जो आपको जयपुर ही नहीं पूरे राजस्थान की दिवाली करीब से इंजॉय करने का मौका देंगे.
5/5दक्षिण-पश्चिमी भारत के कोने में बसा यह छोटा सा राज्य भले ही आज भी पुर्तगाली छाप रखता हो, यहां भी दिवाली अपने खास अंदाज में मनाई जाती है. खासकर दिवाली के एक दिन पहले नरक चतुर्दशी मनाई जाती है, उस दिन यहां पूरे राज्य भर में एक खास कॉम्प्टिशन चलता है. जिस तरह दशहरे पर रावण का पुतला जलाया जाता है, उसी तरह भगवान कृष्ण के नरकासुर राक्षस का विध्वंस करने की खुशी में गोवा में इस दिन राक्षस के बड़े-बड़े पुतले बनाकर जलाए जाते हैं. कॉम्पटिशन इस बात को लेकर होता है कि कौन सबसे बड़ा और भयावह राक्षस बना सकता है.
इसके अलावा गोवा अपने कसीनोज़ को लेकर काफी फेमस है. और चूंकि दिवाली पर जुआ खेलते हैं, ऐसे में गोवा में इस दौरान इसका ट्रेंड और बढ़ जाता है. डिमांड इतनी ज्यादा होती है कि इस दौरान कसीनोज़ फुल रहते हैं. अगर आप भी गोवा की दिवाली देखना चाहते हैं तो इस बार इसी बहाने ही सही, गोवा की ट्रिप पूरी कर ही लीजिए.