&format=webp&quality=medium)
Lok Sabha Elections 2024 Congress List: लोकसभा चुनाव 2024 के लिए कांग्रेस ने उम्मीदवारों की नई लिस्ट जारी कर दी है. इस सूची में 11 उम्मीदवारों के नाम हैं. 11 में से आंध्र प्रदेश के नौ उम्मीदवार और दो झारखंड के उम्मीदवार हैं. झारखंड पूर्व सांसद सुबोध कांत सहाय की बेटी को रांची से कांग्रेस ने उम्मीदवार बनाया है. इसके अलावा गोड्डा सीट से उम्मीदवार का टिकट भी बदला है. कांग्रेस ने आंध्र प्रदेश की विजयनगरम, आरक्षित अन्नालपुरम, विजयवाड़ा, ओंगुले, अनंतपुर, हिंदुपूर जैसी सीटों से उम्मीदवारों की घोषणा की है.
लोकसभा चुनाव के लिए जारी कांग्रेस की लिस्ट में पूर्व सांसद सुबोध कांत सहाय की बेटी यशस्विनी सहाय को रांची से उम्मीदवार बनाया है. यशस्विनी सहाय पहली बार चुनाव लड़ेंगी. यशस्विनी सहाय रांची में हुए उलगुलान रैली में शामिल हुई थी. यशस्विनी सहाय का मुकाबला भाजपा के संजय सेठ से होगा. इसके अलावा गोड्डा सीट से प्रदीप यादव को टिकट दिया है.कांग्रेस ने इस सीट पर पहले दीपिका पांडे सिंह को टिकट दिया था. भारतीय जनता पार्टी ने इस सीट पर निशिकांत दुबे को अपना प्रत्याशी बनाया है.
आपको बता दें कि दीपिका पांडे सिंह को टिकट मिलने के बाद उनकी उम्मीदवारी रद्द करने के लिए कांग्रेस पार्टी नेताओं ने प्रदर्शन किया था. कांग्रेस की नई लिस्ट में आंध्र प्रदेश की श्रीकाकुलम से डॉक्टर पेद्दा पदमेश्वरराव, विजयनगरम से बॉबी श्रीनु, अमलापुरम की आरक्षित सीट से जंघा गौतम, मछलीपट्टनम से गोलू कृष्णा, विजयवाड़ा से वल्लुरू भार्गव, ओंगोले से एदा सुधाकर रेड्डी, नंदयाल जंगीती लक्ष्मी नरसिम्हा यादव, अनंतपुर से मल्लिकार्जुन वज्जाला, हिंदपुर से बी.ए.समद शाहीन को टिकट दिया गया है.
कांग्रेस झारखंड में राजद और झारखंड मुक्ति मोर्चा के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है. झारखंड की 14 सीटों पर चार चरणों में मतदान होंगे. 13 मई को आरक्षित सीट सिंहभूम, खुंटी, लोहारदग्गा, पलामू में चुनाव होंगे. 20 मई 2024 को चतारा, कोडरमा, हजारीबाग में मतदान होंगे. 25 मई 2024 को गिरडीह, धनबाद, रांची, जमशेदपुर में वोटिंग होगी. एक जून 2024 को राजमहल, दुमका और गोड्डा में वोटिंग होगी. लोकसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान 19 अप्रैल को हुआ था. नतीजे चार जून को घोषित किए जाएंगे.