&format=webp&quality=medium)
Waree Energies, Kundan Green Energy Order: वारी एनर्जीज को गुजरात इंडस्ट्रीज पावर कंपनी से 400 मेगावाट मॉड्यूल की आपूर्ति का ठेका मिला है. वारी एनर्जीज ने एक बयान में कहा, ये मॉड्यूल, मॉडलों व विनिर्माताओं की अनुमोदित सूची (एएलएमएम) में शामिल हैं. ये 540 डब्लूपी से 570 डब्लूपी (वॉट पीक) के बीच हैं. गुजरात स्थित वारी एनर्जीज 12 गीगावॉट की कुल स्थापित क्षमता के साथ भारत में सौर पीवी मॉड्यूल के सबसे बड़े विनिर्माताओं में से एक है. इसके अलावा कुंदन ग्रीन एनर्जी को उत्तराखंड के ओखली में 42 मेगावाट की जलविद्युत परियोजना स्थापित करने की मंजूरी मिल गई है.
वारी एनर्जीज के बयान के अनुसार,कंपनी को 400 मेगावाट मॉड्यूल आपूर्ति सौदे के लिए गुजरात इंडस्ट्रीज पावर कंपनी लिमिटेड (जीआईपीसीएल) से लेटर ऑफ इंटेंट (एलओआई) मिला है. वारी एनर्जीज लिमिटेड के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक हितेश चिमनलाल दोशी ने कहा, ‘हम इस परियोजना पर जीआईपीसीएल के साथ सहयोग करके सम्मानित महसूस कर रहे हैं. यह पहल घरेलू विनिर्माण को बढ़ावा देने, रोजगार पैदा करने और उत्कृष्टता के मानकों को बनाए रखने के लक्ष्य के साथ देश के महत्वाकांक्षी नवीकरणीय ऊर्जा लक्ष्यों का समर्थन करने की हमारी प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है.’
कुंदन ग्रीन एनर्जी ने एक बयान में कहा कि ओखली परियोजना राज्य में 1,000 करोड़ रुपये के निवेश पर कुल 80 मेगावाट ग्रीनफील्ड जलविद्युत क्षमता विकसित करने के लिए पिछले साल उत्तराखंड सरकार के साथ हस्ताक्षरित समझौते का हिस्सा है. कंपनी ने कहा, ‘कुंदन ग्रीन एनर्जी को 42 मेगावाट की जलविद्युत परियोजना के लिए उत्तराखंड के ओखली में ग्रीनफील्ड संयंत्र स्थापित करने की मंजूरी मिली है.’
बयान के अनुसार, परियोजना 2028 तक पूरी हो जाएगी. संयंत्र के शुरू होने पर ओखली परियोजना कंपनी की संयुक्त जलविद्युत क्षमता वर्तमान में 104 मेगावाट से बढ़कर 270 मेगावाट हो जाएगी.