पैन कार्ड आज के समय में बहुत जरूरी दस्तावेज है. बैंकिंग सेवा से लेकर इनकम टैक्स भरने तक, तमाम कामों में पैन कार्ड की जरूरत होती है. लेकिन अगर आपके पास दो पैन कार्ड हैं, तो इस भूल को फौरन सुधार लें. एक से अधिक पैन कार्ड रखना गैर कानूनी होता है. इसकी भनक अगर आयकर विभाग को लग गई तो आप पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है. ऐसे में आपको जेल की हवा खानी पड़ सकती है, साथ ही जुर्माना भी भरना पड़ सकता है. हाल ही आयकर विभाग ने भी इस बारे में चेतावनी दी है.
सजा और जुर्माने का प्रावधान
आयकर विभाग ने चेतावनी देते हुए लोगों को बताया है कि अगर किसी व्यक्ति के पास दो पैन कार्ड हैं तो उस पर 10000 रुपए जुर्माना लगाया जा सकता है या 6 महीने की न्यूनतम सजा काटनी पड़ सकती है, या फिर सजा और जुर्माना दोनों भी हो सकते हैं. अगर आपने भी भूलवश दो पैन कार्ड बनवाने की गलती कर दी है, तो आप एक पैन कार्ड को सरेंडर करके अपनी भूल को सुधार सकते हैं.
Add Zee Business as a Preferred Source
ऐसे सरेंडर करें पैन कार्ड
- पैन कार्ड को आप ऑनलाइन और ऑफलाइन, दोनों तरह से सरेंडर कर सकते हैं. ऑनलाइन सरेंडर करने के लिए आपको NSDL की वेबसाइट पर जाना होगा.
- इसके बाद Application Type ड्रॉप–डाउन से, Changes or Correction in existing PAN Data/Reprint of PAN Card (No changes in existing PAN Data) विकल्प चुनें.
- फॉर्म को भरकर सबमिट करें. फॉर्म जमा करने के बाद, आपका अनुरोध रजिस्टर्ड हो जाएगा. इसके बाद आपको एक टोकन नंबर ईमेल आईडी पर भेजा जाएगा.
- टोकन नंबर को नोट करें और नीचे दिए गए Continue with PAN Application Form पर क्लिक करके प्रक्रिया जारी रखें. अब एक नया वेबपेज खुलेगा. इस पेज पर Submit scanned images through e-Sign का विकल्प चुनें.
- पेज में नीचे बाएं तरफ आपको उस पैन कार्ड की डीटेल्स भरनी होगी, जिसे आप अपने पास रखना चाहते हैं. मांगी गई जानकारी भरें, इसके बाद नेक्स्ट का विकल्प चुनें.
- इसके बाद फोटो, सिग्नेचर, पता, पहचान पत्र आदि मांगे गए दस्तावेज अपलोड करें. जहां भी जरूरी हो भुगतान करें. पेमेंट के बाद आपको डाउनलोड करने के लिए रसीद दिखेगी. इसे डाउनलोट करके सुरक्षित रख लें.
- अब NSDL ऑफिस को रसीद की कॉपी के साथ दो फोटो भेजें. रसीद भेजने से पहले, लिफाफे को Application for PAN cancellation और रसीद संख्या के साथ लेबल करें. साथ ही डुप्लीकेट पैन जानकारी को लिस्टेड करने वाले अधिकारी को भी एक पत्र भेजे और उसे रद्द करने का अनुरोध करें.