Jharkhand LokSabha Elections 2024, NDA seat sharing: आगामी लोकसभा चुनाव के लिए झारंखड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) के बीच सीटों का तालमेल हो गया है. भाजपा जहां राज्य की 13 सीट पर चुनाव लड़ेगी वहीं आजसू एक सीट पर अपना प्रत्याशी उतारेगी. भाजपा ने गिरिडीह को अपनी गठबंधन सहयोगी आजसू पार्टी के लिए छोड़कर 13 सीटों पर पहले ही उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। साल 2019 के चुनाव में गिरिडीह से चंद्रप्रकाश चौधरी ने जीत दर्ज की थी। झारखंड में भाजपा और आजसू का गठबंधन है.

Jharkhand LokSabha Elections 2024, NDA seat sharing: 13 सीटों पर चुनाव लड़ेगी भाजपा, गिरिडीह सीट में प्रत्याशी उतारेगी आजसू 

COMMERCIAL BREAK
SCROLL TO CONTINUE READING

भाजपा महासचिव अरुण सिंह ने ‘X’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘भारतीय जनता पार्टी ने झारखंड की जनता के हित में भाजपा एवं आजसू के पुराने एवं नैसर्गिक गठबंधन के तहत इस बार लोकसभा के चुनाव में झारखंड के 13 लोकसभा संसदीय क्षेत्र पर भाजपा के प्रत्याशी तथा एक संसदीय क्षेत्र गिरिडीह में आजसू पार्टी को लड़वाने का निर्णय किया है.’’ उन्होंने कहा कि यह गठबंधन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प को मजबूत करेगा. 

Jharkhand LokSabha Elections 2024, NDA seat sharing: जानिए किस सीट से कौन होगा उम्मीदवार 

अरुण सिंह ने अपने पोस्ट में आगे लिखा, ‘झारखंड के सभी 14 में से 14 संसदीय क्षेत्रों पर गठबंधन के उम्मीदवार चुनाव जीतकर 4 जून को 400 के पार लक्ष्य को हासिल करेंगे.’ भारतीय जनता पार्टी ने राजमहल से ताला मरांडी, दुमका से सीता सोरेन, गोड्डा से निशिकांत दुबे, चतरा से कालीचरण सिंह, कोडरमा से अन्नपूर्णा देवी, धनबाद से ढुलू महतो, रांची से संजय सेठ, जमशेदपुर से विद्युत बरण महतो, सिंहभूम से गीता कोड़ा, खूंटी से अर्जुन मुंडा, लोहरदगा से समीर उरांव, पलामू से विष्णु दयाल राम और हजारीबाग से मनीष जयसवाल को प्रत्याशी बनाया है.

Jharkhand LokSabha Elections 2024, NDA seat sharing: कांग्रेस ने घोषित किए इन सीटों पर कैंडिडेट्स

भारतीय जनता पार्टी के अलावा कांग्रेस ने अभी तक अपने केवल तीन कैंडिडेट्स के नाम की घोषणा की है. खूंटी सीट से कालीचरण मुंडा, लोहरदगा से सुखदेव भगत और हजारीबाग से जयप्रकाश पटेल को उम्मीदवार बनाया है. कांग्रेस झारखंड मुक्ति मोर्चा और राजद के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है. राजद और झामुमो ने अभी तक अपने प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की है.

न्यूज एजेंसी भाषा के इनपुट के साथ