7वां वेतन आयोग : 60 साल में ही रिटायर होंगे केंद्रीय कर्मचारी, सरकार ने बदलाव से किया इनकार
सरकारी कर्मचारियों की रिटायरमेंट उम्र (Retirement Age) में सरकार कोई बदलाव नहीं कर रही है. लोकसभा में वित्त राज्यमंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने केंद्रीय कर्मचारियों की रिटायरमेंट उम्र में बदलाव को लेकर चल रही खबरों को खारिज किया है.
सरकारी कर्मचारियों की रिटायरमेंट उम्र (Retirement Age) में सरकार कोई बदलाव नहीं कर रही है. लोकसभा में वित्त राज्यमंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने केंद्रीय कर्मचारियों की रिटायरमेंट उम्र में बदलाव को लेकर चल रही खबरों को खारिज किया है.
आपको बता दें कि मीडिया रिपोर्ट में कहा गया था कि सरकार 33 साल की सेवा या 60 साल के केंद्रीय कर्मचारियों को रिटायर करने पर विचार कर रही है.
लोकसभा में अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि इकोनॉमिक सर्वे 2018-19 में कर्मचारियों की रिटायरमेंट उम्र बढ़ाकर 70 साल किए जाने की सिफारिश नहीं हुई है. ऐसा दूसरे देशों में है, जिस पर सिर्फ गौर किया गया था. साथ ही सरकार कर्मचारियों की रिटायरमेंट उम्र 60 साल या 33 साल की सेवा, जो भी पहले हो, पर कोई विचार नहीं कर रही है.
खबरों में कहा गया था कि सरकार 1 अप्रैल 2020 से रिटायरमेंट उम्र में बदलाव कर सकती है. मौजूदा समय में केंद्रीय कर्मचारियों के रिटायरमेंट की उम्र 60 साल जबकि डॉक्टर और यूनिवर्सिटी प्रोफेसर की उम्र 65 साल है. खबरों में कहा गया था कि इस व्यवस्था से केंद्रीय कर्मचारियों के प्रमोशन और नई भर्तियों का रास्ता खुलेगा.
एजी आफिस ब्रदरहुड, प्रयागराज के पूर्व अध्यक्ष एचएस तिवारी ने बताया कि सरकार ने 1998 में केंद्रीय कर्मचारियों की रिटायरमेंट उम्र 58 से बढ़ाकर 60 की थी. इसके बाद कई राज्य सरकारों ने अपने कर्मचारियों की उम्र 60 से बढ़ाकर 62 कर दी थी.