Pragyan rover clicks image of Vikram lander: चंद्रयान-3 मिशन के ‘प्रज्ञान’ रोवर ने बुधवार को ‘विक्रम’ लैंडर की एक तस्वीर खींची. भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने यह जानकारी दी. ISRO की ओर से साझा की गई तस्वीर रोवर पर लगे नेविगेशन कैमरा (NavCam) द्वारा ली गई है. स्‍पेस एजेंसी ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ‘‘स्माइल प्लीज (कृपया मुस्कराएं). प्रज्ञान रोवर ने बुधवार (30 अगस्‍त) सुबह विक्रम लैंडर की तस्वीर खींची.’’ 

COMMERCIAL BREAK
SCROLL TO CONTINUE READING

चंद्रयान-3 मिशन के लिए नैवकैम्स को इसरो की इकाई ‘इलेक्ट्रो-ऑप्टिक्स सिस्टम लैबोरैटरी’ (LEOS) की ओर से डेवलप किया गया है.लैंडर और रोवर को एक चंद्र दिवस (पृथ्वी के 14 दिन के बराबर) तक कार्य करने के लिए डेवलप किया गया है. इस सप्ताह की शुरुआत में, इसरो ने विक्रम के साथ लगे चेस्ट उपकरण का पहला अवलोकन जारी किया था.

 

चंद्रमा की सतह के तापीय व्यवहार को समझने के लिए चेस्ट (चंद्र सफेर्स थर्मोफिजिकल एक्सपेरिमेंट) उपकरण ध्रुव के चारों ओर चंद्रमा की ऊपरी मिट्टी के तापमान को मापने का कार्य कर रहा है. इसमें एक कंट्रोल्‍ड सिस्‍टम है, जो सतह के नीचे 10 सेमी की गहराई तक पहुंचने में सक्षम है. इसमें 10 टेम्‍परेचर सेंसर लगे हैं.

इसरो ने एक ग्राफ तैयार किया है जो विभिन्न गहराइयों पर चंद्रमा की सतह/निकट सतह के तापमान में भिन्नता को दर्शाता है, जैसा कि पड़ताल के दौरान दर्ज किया गया. यह चंद्रमा के साउथ पोल का पहला ऐसा प्रोफाइल है. अंतरिक्ष एजेंसी ने कहा कि डीटेल जानकारी जारी है. इसरो ने कहा है कि चंद्रयान-3 मिशन के तीन मकसद में से दो- चंद्रमा की सतह पर सुरक्षित ‘सॉफ्ट लैंडिंग’, और चांद की सतह पर रोवर की चहलकदमी का प्रदर्शन- हासिल कर लिए गए हैं, जबकि चंद्र सतह पर वैज्ञानिक प्रयोगों से संबंधित तीसरे मकसद करने का कार्य जारी है. 

 

Zee Business Hindi Live TV यहां देखें