Har Ghar Tiranga Abhiyan: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने आज मन की बात (Mann ki Baat) के कार्यक्रम में देश के लोगों को सलाह दी थी कि वो 2 से 15 अगस्त के बीच अपने घरों और सोशल मीडिया प्रोफाइल पर तिरंगा (Tiranga) लगाएं. इसी को देखते हुए मध्य प्रदेश में ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत 1.5 करोड़ घरों पर तिरंगा लगाने का लक्ष्य तय किया गया है. इस आयोजन की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chauhan) ने रविवार को अधिकारियों के साथ बैठक कर समीक्षा की. 

1.51 करोड़ तिरंगे लगाने का लक्ष्य

COMMERCIAL BREAK
SCROLL TO CONTINUE READING

CM चौहान की अध्यक्षता में हुई बैठक में बताया गया कि, 'प्रदेश में कुल 1.51 करोड़ तिरंगे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. स्थानीय स्तर पर एक करोड़ तिरंगे बनाने का कार्य जारी है. तिरंगा बनाने में सेल्फ हेल्प ग्रुप की महिलाएं जुटी हैं. लगभग 51 लाख तिरंगे केंद्र सरकार से मिलेंगे. तिरंगे मिलने का क्रम प्रारंभ हो गया है. अब तक स्थानीय स्तर पर 63 लाख तिरंगे बन गए हैं और 20 लाख तिरंगे केंद्र से मिल गए हैं.'

Zee Business Hindi Live TV यहां देखें

फोटो या सेल्फी करें पोस्ट 

बैठक में बताया कि, 'प्रदेश के समस्त जिलों में तिरंगा विक्रय के लिए अभी 36 हजार वितरण केन्द्र बनाए गए हैं जहां से आम नागरिक स्वयं तिरंगा क्रय कर सकते हैं. इस अभियान के प्रचार प्रसार के प्रयास हो रहे हैं. इसके तहत केंद्र शासन की ‘हरघरतिरंगाडॉटकॉम’ वेबसाइट पर तिरंगे के साथ फोटो या सेल्फी अपलोड कर पोस्ट कर सकते हैं और वहां से सर्टिफिकेट ले सकते हैं. प्रदेश शासन की सभी वेबसाइट को ओपन करने पर तिरंगा अभियान की जानकारी बैनर के रूप में मिलेगी, इसकी शुरूआत जल्द हो जायेगी.'

घर घर फहराए तिरंगा

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हर घर तिरंगा अभियान की बैठक में कहा, आजादी के अमृत महोत्सव पर राष्ट्रभक्ति की भावना का महत्वपूर्ण कार्यक्रम है इसलिए मध्यप्रदेश को तिरंगामय बनाना है. राज्य का संकल्प है कि प्रदेश के हर घर में तिरंगा फहराया जाएगा. मुख्यमंत्री ने इस अभियान के लिए जिलाधिकारियों से धर्मगुरु, राजनैतिक दलों के कार्यकर्ता, रहवासी संघ के प्रमुख, व्यापारी, एनजीओ, सामाजिक क्षेत्रों के साथ बैठक कर ज्यादा से ज्यादा लोगों को प्रेरित करने के लिए कहे. हर व्यक्ति अपने राष्ट्र प्रेम के प्रदर्शन और अमर शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए घर घर तिरंगा फहराए.