चंद्रयान 2 के मिशन से जुड़ी एक बड़ी खबर आ रही है. इसरो के चेयरमैन के. सिवन ने जानकारी दी है कि विक्रम लैंडर के लोकेशन का पता चल गया है. साथ ही ऑर्बिटर ने लैंडर की थर्मल फोटो भी खींची है. हालांकि उन्होंने कहा है कि विक्रम से कम्यूनिकेशन स्थापित नहीं हुआ है. उन्होंने कहा कि हम विक्रम से कम्यूनिकेशन करने की लगातार कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने कहा है कि हम विक्रम लैंडर से जल्द ही कम्यूनिकेट कर सकेंगे.

COMMERCIAL BREAK
SCROLL TO CONTINUE READING

आपको पता है कि 6 और 7 सितंबर की रात चंद्रमा की धरती पर सॉफ्ट लैंडिंग कराने के दौरान विक्रम लैंडर से ;चंद्रमा की धरती से महज 2.1 किलोमीटर पर संपर्क टूट गया था. आज ये खबर इसरो और देश के लिए अच्छी खबर लेकर आई है. हालांकि अब तक यह पता नहीं चल पाया है कि चंद्रयान की सॉफ्ट लैंडिंग हुई है या क्रैश लैंडिंग हुई है. जानकार बता रहे हैं कि अगर सॉफ्ट लैंडिंग हुई है तो यह इसरो और हम सब के लिए बड़ी खबर है. हम तब इसमें मिशन को आगे ले जा सकेंगे. इसरो के वैज्ञानिक लगातार चंद्रयान 2 के इस मिशन पर नजर बनाए हुए हैं.

चंद्रयान 2 के इस सेटबैक के बावजूद, भारतीय अंतरिक्ष एजेंसी इसरो ने शनिवार को कहा था कि मिशन के उद्देश्यों में से 90 से 95 प्रतिशत पूरा हो चुका है. इसरो ने कहा कि लैंडर के साथ कम्यूनिकेशन खत्म होने के बाद भी ऑर्बिटर लूनर साइंस में अपना योगदान देता रहेगा. भारत के महत्वाकांक्षी चंद्र मिशन, चंद्रयान -2 को 22 जुलाई को श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से लॉन्च किया गया था.