&format=webp&quality=medium)
शांति वार्ता के लिए इस्लामाबाद पहुंचे जे.डी.वांस (Photo Credit: Reuters)
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ईरान के साथ सीजफायर की बातचीत के लिए पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद पहुंच गए हैं. इससे पहले ईरानी प्रतिनिधिमंडल अमेरिका के साथ वार्ता के लिए शनिवार तड़के पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद पहुंचा था. ईरान की ओर से 14 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बाकेर गालिबाफ और विदेश मंत्री अब्बास अराघची करेंगे. वहीं, उपराष्ट्रपति जे.डी वेंस के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल में राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप के खास दूत स्टीव विटकॉफ और ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर शामिल हैं.
भारतीय समयानुसार दोपहर 1.30 बजे ईरान और पाकिस्तान के प्रतिनिधियों की मुलाकात होगी. वार्ता में सीजफायर को स्थायी बनाने, परमाणु कार्यक्रम, और क्षेत्रीय सुरक्षा पर चर्चा होगी.
वाशिंगटन से रवाना होने से पहले मीडिया से बातचीत में जे.डी.वांस ने कहा कि अगर ईरान ईमानदारी से बातचीत करता है, तो अमेरिका "खुले दिल से" आगे बढ़ने को तैयार है, लेकिन किसी भी तरह के धोखे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने जे.डी.वांस को शुभकामनाएं दी थीं. ट्रंप के मुताबिक ईरान के पास अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों का इस्तेमाल करके दुनिया को ब्लैकमेल करने के अलावा कोई विकल्प नहीं है. APTN के मुताबिक इस बातचीत की मध्यस्था कर रहे पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में कर्फ्यू जैसे हालात हैं. सुरक्षा कारणों से शनिवार सुबह इस्लामाबाद की आम तौर पर व्यस्त रहने वाली सड़कें पूरी तरह से सूनी नजर आ रही है. सुरक्षा बलों ने अहम रास्तों को सील कर दिया है. प्रशासन ने लोगों को घर में रहने की अपील की है.