&format=webp&quality=medium)
दुनिया के 2 पावरफुल लोग, टेस्ला प्रमुख एलन मस्क और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच तकरार काफी बढ़ गई है. कुछ महीने पहले की बात है जब मस्क ट्रंप के सबसे नजदीकी सहयोगी माने जा रहे थे. मस्क को DOGE का प्रमुख चुना गया जिसका मकसद सरकार की एफिशिएंसी बढ़ाने और खर्च घटाने का है. 30 मई को मस्क का DOGE के चीफ के तौर पर आखिरी दिन था. उस दिन ट्रंप ने कहा था कि मस्क उनके दोस्त और गवर्नमेंट के एडवाइजर के तौर पर मिलकर काम करते रहेंगे. उसके बाद आखिर ऐसा क्या हो गया कि मस्क ने ट्रंप के खिलाफ महाभियोग चलाने की मांग तक कर डाली है और एक अलग पॉलिटिकल पार्टी बनाने की भी बात की है. साथ में उन्होंने यह भी कहा कि ट्रंप की टैरिफ पॉलिसी के कारण 2025 की दूसरी छमाही अमेरिका में मंदी आ सकती है.
जून के शुरू में एलन मस्क ने ट्रंप के "big, beautiful bill," की आलोचना शुरू की. 5 जून को आखिरकार ट्रंप ने कहा कि वह मस्क का गवर्नमेंट कॉन्ट्रैक्ट तोड़ देंगे. इसके बाद मस्क ने कहा कि अगर उन्होंने ट्रंप का सपोर्ट नहीं किया होता तो वे चुनाव नहीं जीत पाते. मस्क ने रिपब्लिकन लॉ-मेकर्स से कहा कि ट्रंप का अमेरिकी राष्ट्रपति के तौर पर कार्यकाल केवल 3.5 साल बाकी है, जबकि वे अभी 40 साल रहेंगे. इसके अलावा ट्रंप पर गंभीर आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ महाभियोग चलाने की मांग की है. मस्क ने दावा किया है कि ट्रंप का नाम एपस्टीन फाइल्स में है.
मस्क ने ये भी कहा कि वह SpaceX के उस प्रोग्राम को बंद कर देंगे, जिसकी मदद से NASA अपने एस्ट्रोनॉट्स को ट्रांसपोर्ट करता है. बता दें कि ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट की मदद से ही नासा ने पिछले दिनों अंतरिक्ष में फंसे हुए दो एस्ट्रोनॉट्स को वापस लाया था. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, SpaceX का ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट स्ट्रैटिजिक तौर पर काफी महत्वपूर्ण है, यह इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन पर कार्गो और लोगों को ले जाने के लिए भी जरूरी है. स्पेस एक्स ने कहा कि ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट "वर्तमान में उड़ान भरने वाला एकमात्र स्पेसक्राफ्ट है, जो पृथ्वी पर महत्वपूर्ण मात्रा में कार्गो वापस लाने में सक्षम है."
रिपोर्ट के मुताबिक ट्रंप और मस्क के बीच संबंध तब और खराब हो गए, जब अमेरिकी राष्ट्रपति ने एलन की सरकारी सब्सिडी और कॉन्ट्रैक्ट्स को खत्म करने की धमकी दी. यह एक ऐसा कदम है, जो दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति के बिजनेस को गंभीर रूप से प्रभावित कर सकता है. इससे इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन पर प्रभाव दिख सकता है. ट्रंप ने गुरुवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा, "हमारे बजट, अरबों और अरबों डॉलर में पैसे बचाने का सबसे आसान तरीका एलन की सरकारी सब्सिडी और कॉन्ट्रैक्ट्स को खत्म करना है. मुझे हमेशा आश्चर्य होता था कि बाइडेन ने ऐसा क्यों नहीं किया!"
मस्क ने एक्स पर लिखा, "वास्तव में बड़ा बम गिराने का समय आ गया है: डोनाल्ड ट्रंप एपस्टीन फाइलों में हैं. यही असली कारण है कि उन्हें सार्वजनिक नहीं किया गया है. आपका दिन शुभ हो, डीजीटी!" एपस्टीन के आरोप के जवाब में, व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट ने कहा, "यह एलन का एक दुर्भाग्यपूर्ण प्रकरण है, जो 'वन बिग ब्यूटीफुल बिल' से नाखुश हैं, क्योंकि इसमें वे नीतियां शामिल नहीं हैं, जो वह चाहते थे. राष्ट्रपति इस ऐतिहासिक कानून को पारित करने और हमारे देश को फिर से महान बनाने पर फोकस कर रहे हैं."
ट्रंप ने गुरुवार को ओवल ऑफिस प्रेस कॉन्फ्रेंस में संकेत दिया कि टेस्ला के सीईओ उनके 'वन बिग ब्यूटीफुल बिल एक्ट' का विरोध करते हैं, क्योंकि वह इलेक्ट्रिक व्हीकल इन्सेन्टिव को हटाए जाने से नाराज हैं. ट्रंप ने कहा कि उन्हें यकीन नहीं है कि वह मस्क के साथ दोस्त बने रहेंगे. इसके साथ ही ट्रंप ने आरोप लगाया कि मस्क बिल के अंदरूनी कामकाज को जानते थे. मस्क ने ट्रंप को जवाब देते हुए एक ट्वीट किया, "बहुत अनुचित है कि तेल और गैस सब्सिडी को बिल में छोड़ दिया गया था. इसके बाद के ट्वीट में उन्होंने कहा, "यह बिल मुझे एक बार भी नहीं दिखाया गया और रात के अंधेरे में इतनी तेजी से पारित किया गया कि कांग्रेस में लगभग कोई भी इसे पढ़ भी नहीं सका!"
मस्क ने शुक्रवार को यह भी कहा कि डोनाल्ड ट्रंप के नए व्यापार टैरिफ इस साल की दूसरी छमाही तक मंदी को बढ़ावा दे सकते हैं. अगर अमेरिका की अर्थव्यवस्था लड़खड़ाती है, तो बाकी कुछ भी मायने नहीं रखता. ट्रंप और मस्क के बीच टकराव ने वित्तीय बाजारों में हलचल मचा दी है. गुरुवार (अमेरिकी समय) को टेस्ला के शेयर में 14 फीसदी से अधिक की गिरावट दर्ज की गई, जिससे मार्केट वैल्यू में लगभग 150 बिलियन डॉलर की गिरावट आई है.
(एजेंसी इनपुट के साथ)