&format=webp&quality=medium)
दिल्ली, मुंबई और चेन्नै में पेट्रोल 6 पैसे जबकि कोलकाता में 7 पैसे प्रति लीटर सस्ता हो गया है. (Reuters)
अमेरिका में बीते सप्ताह कच्चे तेल का भंडार बढ़ने की रिपोर्ट के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल के दाम में गुरुवार को लगातार दूसरे दिन गिरावट जारी रही, हालांकि भारतीय वायदा बाजार में इसका ज्यादा असर नहीं दिखा. इससे पेट्रोल और डीजल के दाम में गुरुवार को गिरावट दर्ज की गई. दिल्ली, मुंबई और चेन्नै में पेट्रोल 6 पैसे जबकि कोलकाता में 7 पैसे प्रति लीटर सस्ता हो गया है. वहीं, डीजल के भाव दिल्ली और चेन्नै में 5 पैसे जबकि कोलकाता और मुंबई में 6 पैसे प्रति लीटर घट गए हैं.
अंतरराष्ट्रीय बाजार में बेन्चमार्क कच्चा तेल ब्रेंट क्रूड का भाव पिछले सप्ताह करीब 1 फीसदी टूटा और नरमी का रुख अब भी जारी है, लेकिन ऊर्जा विशेषज्ञों का मानना है कि कच्चे तेल का भाव बहरहाल सीमित दायरे में रहेगा क्योंकि ईरान और वेनेजुएला से तेल की आपूर्ति बाधित होने से दुनिया में तेल की आपूर्ति में होने वाली कमी की भरपाई को लेकर असमंजस की स्थिति बरकरार है.
अमेरिकी एजेंसी एनर्जी इन्फॉर्मेशन एडमिनिस्ट्रेशन यानी EIA की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका में पिछले सप्ताह कच्चे तेल का भंडार 99 लाख बैरल बढ़कर 47.06 करोड़ बैरल हो गया है. विशेषज्ञों के अनुसार, कच्चे तेल के भंडार में पिछले सप्ताह हुई अप्रत्याशित वृद्धि से अंतर्राष्ट्रीय बाजार में तेल के दाम में नरमी का रुख बना हुआ है.
भारतीय वायदा बाजार मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर कच्चे तेल का मई सौदा पूर्वाह्न् 11 बजे के करीब छह रुपये की कमजोरी के साथ 4,416 रुपये प्रति बैरल पर बना हुआ था, जबकि इससे पहले भाव 4,415 रुपये तक गिरा.
अंतरराष्ट्रीय वायदा बाजार आईसीई पर ब्रेंट क्रूड के जुलाई अनुबंध का भाव पिछले सत्र से 0.33 फीसदी की कमजोरी के साथ 71.94 डॉलर प्रति बैरल पर बना हुआ था वहीं, नायमैक्स पर डब्ल्यूटीआई के जून अनुबंध में 0.35 फीसदी की कमजोरी के साथ 63.38 रुपये प्रति डॉलर पर कारोबार चल रहा था.