&format=webp&quality=medium)
Pakistan International Airlines (PIA) Bid deadline: पाकिस्तान की बदहाली के दिन सुधरते नहीं दिख रहे हैं. कर्ज में डूबी पाकिस्तान की सरकार ने फंड जुटाने के लिए अपने नेशनल एयरलाइन पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस (PIA) को बेचने की तैयारी तो कर रही है, लेकिन लगता है कि ये अभी हाल-फिलहाल में होता नहीं दिख रहा है. पाकिस्तान की सरकार ने PIA की बिक्री के लिए बोली लगाने (Expressions of Interest- EoI) की डेडलाइन को आगे बढ़ा दिया है.
पाकिस्तान की सरकार ने PIA को खरीदने की इच्छुक कंपनियों और निवेशकों के लिए बोली लगाने की डेडलाइन को 19 जून तक आगे बढ़ा दिया है. पहले ये डेडलाइन 3 जून तक थी. हालांकि, पाकिस्तान के निजीकरण मंत्रालय (Ministry of Privatisation) ने डेडलाइन बढ़ाने की वजह स्पष्ट नहीं की और यह भी नहीं बताया कि अब तक कोई प्रस्ताव मिला है या नहीं.
सरकार PIA में 51% से 100% हिस्सेदारी बेचने की योजना बना रही है, ताकि नकदी संकट से जूझ रहे इस सरकारी उपक्रम को निजी हाथों में सौंपा जा सके और IMF (अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष) से मिले 7 अरब डॉलर के सुधार कार्यक्रम के तहत राजस्व में सुधार किया जा सके.
पिछले साल भी PIA को बेचने की कोशिश की गई थी, लेकिन केवल एक ही बोली आई थी और वह भी 300 मिलियन डॉलर की अनुमानित कीमत से काफी कम थी. इस बार की प्रक्रिया में सुधार करते हुए सरकार ने एयरलाइन के पुराने कर्ज और देनदारियों को अपने खाते में समाहित कर दिया है ताकि बिक्री प्रक्रिया में रुकावटें न आएं.
दिलचस्प बात यह है कि अप्रैल में PIA ने दो दशकों में पहली बार सालाना मुनाफा दर्ज किया है, जो संभावित खरीदारों के लिए एक सकारात्मक संकेत हो सकता है.