&format=webp&quality=medium)
Nepal Election Date: के विरोध प्रदर्शन के बाद नेपाल में अंतरिम सरकार का गठन हो गया है. सुशीला कार्की को प्रधानमंत्री पद की कमान सौंप दी गई है. सुशीला कार्की ने शुक्रवार को शपथ ली है. अब नेपाल के राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने चुनाव की तारीख का ऐलान किया है. घोषणा के मुताबिक नेपाल में 5 मार्च 2026 को आम चुनाव होंगे. राष्ट्रपति द्वारा जारी पत्र के मुताबिक जनता को 6 महीने के अंदर प्रतिनिधि सभा का चुनाव कराकर एक और बेहतर लोकतंत्र की राह पर आगे बढ़ने का मौका मिला है.
राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल के ऑफिस से जारी बयान में कहा, "देश की बेहद असहज, मुश्किल और डर के माहौल वाली परिस्थिति में, कठिन कोशिशों के बाद एक शांतिपूर्ण हल निकाला है. संविधान बच गया है, संसदीय प्रणाली बची हुई और संघीय लोकतंत्र गणतंत्र कायम है. बड़ी मेहनत से मिले मौके का सही इस्तेमाल करते हुए, जनता का दिल जीतने और खुद को संयमित रखते हुए, आने वाली 21 फागुन को होने वाले चुनाव को सफल बनाने के काम में सहयोग करने के लिए मैं सभी पक्षों से दिल से अपील करता हूं."
सुशीला कार्की के पीएम बनने के बीच नेपाल में जनजीवन पटरी पर लौटने लगा है. पिछले दिनों हुए हिंसक विरोध प्रदर्शनों के दौरान काठमांडू और नेपाल के अन्य हिस्सों में लगाए गए प्रतिबंध भी हटाए गए हैं. नेपाल के अलग-अलग इलाकों से कर्फ्यू हटाया गया. नेपाल सेना के एक प्रवक्ता ने बताया कि शनिवार को कोई प्रतिबंधात्मक आदेश या कर्फ्यू नहीं है. हालांकि, काठमांडू और नेपाल के अन्य इलाकों में सेना की मौजूदगी कुछ और दिन रह सकती है.
आपको बता दें कि 26 सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रतिबंध के खिलाफ नेपाल में यह आंदोलन शुरू हुआ था. बड़ी संख्या में नेपाल के युवा सड़कों पर उतरे थे। 'जेन-जी' आंदोलन के कारण केपी शर्मा ओली को सत्ता गंवानी पड़ी है. भारी दबाव के बीच उन्होंने प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दिया था. राष्ट्रपति पौडेल ने पुष्टि की कि सुशीला कार्की के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार आगामी 6 महीनों के भीतर नए संसदीय चुनाव कराने के लिए जिम्मेदार होगी.