'नर्क में रहने के लिए तैयार हो जाओ', ईरान को ट्रंप की सीधी धमकी! कहा- मंगलवार होगा 'पावर प्लांट और ब्रिज डे

ट्रंप ने ईरान को 48 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए मंगलवार को 'पावर प्लांट और ब्रिज डे' की चेतावनी दी है. इस बीच, ईरान के पहाड़ों से एक अमेरिकी F-15 पायलट को सुरक्षित बचा लिया गया है.
'नर्क में रहने के लिए तैयार हो जाओ', ईरान को ट्रंप की सीधी धमकी! कहा- मंगलवार होगा 'पावर प्लांट और ब्रिज डे

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप. (Image Source-X)

दुनिया इस वक्त एक ऐसे मोड़ पर खड़ी है जहां से वापसी का रास्ता बहुत मुश्किल नजर आ रहा है. अमेरिका और ईरान के बीच तनाव अब सिर्फ जुबानी जंग नहीं रहा, बल्कि एक विनाशकारी युद्ध की आहट दे रहा है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर ईरान को लेकर अब तक की सबसे सख्त और तीखी चेतावनी जारी की है.

ट्रंप ने साफ कर दिया है कि अगर ईरान ने 'स्ट्रेट ऑफ होर्मुज' को तुरंत नहीं खोला, तो उसे वो मंजर देखना होगा जो उसने कभी सपने में भी नहीं सोचा होगा. ट्रंप ने आने वाले मंगलवार को 'पावर प्लांट डे' और 'ब्रिज डे' करार दिया है.

ट्रंप का अल्टीमेटम

Add Zee Business as a Preferred Source

शनिवार को ट्रंप ने ईरान को 10 दिन की मोहलत दी थी कि या तो समझौता करो या होर्मुज का रास्ता खोलो. अब वो वक्त खत्म होने वाला है. रविवार को अपनी पोस्ट में उन्होंने बेहद सख्त लहजे का इस्तेमाल करते हुए कहा कि अब सिर्फ 48 घंटे बचे हैं.

इसके बाद ईरान पर कहर टूटने वाला है. ट्रंप ने अपनी पोस्ट में खुलेआम कहा कि या तो ये रास्ता खोलो या फिर नर्क में रहने के लिए तैयार हो जाओ. उन्होंने साफ संकेत दिए हैं कि मंगलवार को ईरान के पावर प्लांट्स और ब्रिज को निशाना बनाया जा सकता है.

ईरान का पलटवार

ट्रंप की इस धमकी के बाद ईरान भी पीछे हटने के मूड में नहीं है. तेहरान के सेंट्रल मिलिट्री कमांड ने इस पर बहुत तीखी प्रतिक्रिया दी है. खातम अल-अंबिया सेंट्रल हेडक्वार्टर के जनरल अली अब्दुल्लाही आलियाबादी ने ट्रंप के बयान को एक असहाय, घबराया हुआ और बेवकूफी भरा कदम बताया है.

ईरान ने साफ कर दिया है कि वह अमेरिका की इन धमकियों से डरने वाला नहीं है. जनरल आलियाबादी ने कहा कि ट्रंप के इस मैसेज का सीधा मतलब ये है कि अब अमेरिका के लिए भी नरक के दरवाजे खुल जाएंगे.

पहाड़ों के बीच से रेस्क्यू

इस तनाव के बीच एक और बड़ी खबर सामने आई है. ट्रंप ने जानकारी दी है कि ईरान के पहाड़ों के बीच फंसे एक अमेरिकी पायलट को सुरक्षित निकाल लिया गया है. दरअसल, इसी हफ्ते ईरान के एयर डिफेंस ने अमेरिका के एक F-15 लड़ाकू विमान को मार गिराया था.

इसके दो क्रू मेंबर वहां फंस गए थे. एक को पहले ही बचा लिया गया था, जबकि दूसरे हाई-प्रोफाइल कर्नल को बचाने के लिए एक बहुत ही खतरनाक ऑपरेशन चलाया गया. पायलट को बचाने के लिए अमेरिकी टीम ने दिन के उजाले में ईरान के ऊपर 7 घंटे बिताए.

सोमवार को बड़ी प्रेस कॉन्फ्रेंस

ट्रंप ने इस पूरे घटनाक्रम और रेस्क्यू ऑपरेशन की जानकारी देने के लिए सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई है. यह कॉन्फ्रेंस ओवल ऑफिस में सोमवार को भारतीय समयानुसार रात 11.30 बजे होगी, जिसमें सेना के बड़े अधिकारी भी शामिल होंगे.

माना जा रहा है कि इस दौरान मंगलवार को होने वाली कार्रवाई की रूपरेखा दुनिया के सामने आ सकती है. ट्रंप की मंगलवार वाली चेतावनी ने वैश्विक बाजार और तेल सप्लाई को लेकर डर पैदा कर दिया है. अब सबकी नजर सोमवार की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर है कि क्या कूटनीति के लिए कोई जगह बची है या फिर बारूद ही आखिरी रास्ता है.

  1. 1
  2. 2
  3. 3
  4. 4
  5. 5
  6. 6