आ रहा है कोरोना का 'काल'! नवंबर तक बाजार में आ सकती है महामारी की ये वैक्सीन

महामारी (Covid-19 Pandemic) से जंग जीतने की तैयारी में दुनिया के तमाम देश लगे हैं. दुनियाभर में इसकी वैक्सीन (Coronavirus Vaccine) पर शोध चल रहे हैं. कई देशों में ट्रायल लगभग पूरा होने वाला है.
आ रहा है कोरोना का 'काल'! नवंबर तक बाजार में आ सकती है महामारी की ये वैक्सीन

बायोएनटेक और फाइजर (BioNTech & Pfizer) की वैक्सीन रेस में सबसे आगे हो गई है. (Zeebiz)

महामारी (Covid-19 Pandemic) से जंग जीतने की तैयारी में दुनिया के तमाम देश लगे हैं. दुनियाभर में इसकी वैक्सीन (Coronavirus Vaccine) पर शोध चल रहे हैं. कई देशों में ट्रायल लगभग पूरा होने वाला है. वैक्सीन को अंतिम चरण तक पहुंचाने के लिए तेजी से काम हो रहा है. खासकर यूरोपिय देशों में कोरोना की दूसरी वेव को देखते हुए जल्दी ही वैक्सीन की जरूरत होगी. विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के मुताबिक, फिलहाल 33 कंपनियों के कोरोना वैक्सीन का परीक्षण चल रहा है, जिसमें से 9 वैक्सीन क्लीनिकल ट्रायल के तीसरे चरण में हैं.

वैक्सीन बनाने की रेस में अब तक सबसे आगे चल रही ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी और एस्ट्राजेनेका की वैक्सीन अब पिछड़ गई है. कई देशों में ट्रायल रुकने के बाद अब इसे अंजाम तक पहुंचने में थोड़ा और वक्त लगेगा. वहीं, अमेरिका की मॉडर्ना की वैक्सीन और बायोएनटेक-फाइजर की वैक्सीन भी इस रेस में शामिल हैं. कई कंपनियां इस साल के अंत तक या अगले साल की शुरुआत में वैक्सीन बाजार में उतारने का दावा कर चुकी हैं.

नवंबर तक बाजार में आ सकती है ये वैक्सीन
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बायोएनटेक और फाइजर (BioNTech & Pfizer) की वैक्सीन रेस में सबसे आगे हो गई है. माना जा रहा है कि ये दोनों कंपनियां अक्टूबर तक वैक्सीन के प्रभावों का आकलन कर लेंगी और उसके बाद इसके आपात इस्तेमाल की मंजूरी मिल जाती है, तो नवंबर तक वैक्सीन बाजार में उतारी जा सकती है. हाल ही में बायोएनटेक कंपनी के CEO और को-फाउंडर उगुर साहिन ने कहा था कि उनकी वैक्सीन अक्टूबर के आखिर तक आ सकती है.

Add Zee Business as a Preferred Source

दिसंबर में अमेरिकी वैक्सीन के आने की उम्मीद
अमेरिकी कंपनी मॉडर्ना की वैक्सीन का इस वक्त तीसरे चरण का ट्रायल चल रहा है. इसे भी वैक्सीन की रेस में आगे माना जा रहा है. माना जा रहा है कि कंपनी दिसंबर में वैक्सीन के प्रभावों का पता लगा लेगी. दिसंबर अंत तक या अगले साल की शुरुआत में इसके बाजार में आने की उम्मीद है.

क्यों पिछड़ी ऑक्सफोर्ड की वैक्सीन?
दरअसल, हाल ही में ट्रायल के दौरान एक व्यक्ति के बीमार पड़ने से ऑक्सफोर्ड के ट्रायल को रोक दिया गया था. हालांकि, बाद में पता चला कि वह वैक्सीन की वजह से बीमार नहीं पड़ा था, जिसके बाद दोबारा वैक्सीन का ट्रायल शुरू हुआ. लेकिन, अब भी कुछ देशों में ट्रायल दोबारा शुरू नहीं हुआ है, जिसकी वजह से यह वैक्सीन अब अगले साल ही बाजार में आ पाएगी.

ज़ी बिज़नेस LIVE TV यहां देखें

चीन की वैक्सीन साल के अंत तक
चीन की सिनोवैक बायोटेक फार्मा कंपनी ने इस साल के अंत तक वैक्सीन बाजार में ला सकती है. चीन की ही एक और कंपनी कैन्सिनो बायोलॉजिक्स इंक की वैक्सीन Ad5-nCoV भी इस साल के अंत तक बाजार में आ सकती है. इस वैक्सीन को बीजिंग इंस्टीट्यूट ऑफ बायोटेक्नोलॉजी के साथ मिलकर तैयार किया जा रहा है. हालांकि, फिलहाल दोनों ही वैक्सीन के तीसरे चरण का ट्रायल चल रहा है.