&format=webp&quality=medium)
Paris Olympics India's Schedule Day 1: खूबसूरत सीन नदी पर नावों में खिलाड़ियों ने परेड की और परंपरा से हटकर हुए 33वें ओलंपिक खेलों के रंगारंग उद्घाटन समारोह शुक्रवार को फ्रांस की राजधानी पेरिस में हुआ. राष्ट्रपति एमैन्युअल मैकरोन ने खेलों की शुरूआत की घोषणा की जिससे अगले 16 दिन तक चलने वाले इस महाकुंभ की औपचारिक शुरूआत भी हो गई है. ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व 16 खेलों में 69 पदक इवेंट्स में 117 एथलीट कर रहे है. भारत के एथलीट्स तीरंदाजी, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बॉक्सिंग, घुड़सवारी, गोल्फ, हॉकी, जूडो, रोइंग, नौकायन, निशानेबाजी, तैराकी, टेबल टेनिस और टेनिस में हिस्सा लेंगे.
भारत के अभियान की शुरुआत शनिवार 27 जुलाई 2024 से होगी. शनिवार को दोपहर 12.30 बजे से शूटिंग में 10 मीटर एयर राइफल मिक्स्ड टीम क्वालिफिकेशन राउंड होगा. इसमें संदीप सिंह/एलावेनिल वलारिवन, अर्जुन बाबूता/रमिता जिंदल हिस्सा लेंगे. यदि क्वालिफाई करते हैं तो दोपहर दो बजे 10 मीटर एयर राइफल मिक्स्ड टीम फाइनल (ब्रोंज, गोल्ड मेडल) होगा. इसके अलावा 10 मीटर एयर पिस्टल मेन्स क्वालिफिकेशन होगा. इसमें भारत का प्रतिनिधत्व सरबजोत सिंह और अर्जुन सिंह चीमा करेंगे.
दोपहर 3.30 बजे टेनिस में मेन्स डबल्स का पहला राउंड होगा. इसमें भारत के रोहन बोपन्ना और एन. श्रीराम बालाजी की जोड़ी का मैच फ्रांस के एडौर्ड रोजर-वासेलिन और फैबियन रेबौल की जोड़ी से होगा. पेरिस ओलंपिक्स 2024 में शाम चार बजे 10 मीटर एयर पिस्टल वुमन्स क्वालिफिकेशन होगा. इसमें भारत का प्रतिनिधत्व मनु भाकर और ऋदम सांगवन करेंगी. शाम 07.15 बजे टेबल टेनिस के मेन्स सिंगल प्रीलिमियरी राउंड में हरमीत देसाई का मैच जॉर्डन के जैद आबो यमन से होगा.
शाम 07.10 बजे मेन्स बैडमिंटन सिंगल ग्रुप स्टेज के मैच में भारत के लक्ष्य सेन और ग्वातेमाला के केविन कॉर्डन आमने-सामने होंगे. रात आठ बजे बैडमिंटन मेन्स डबल ग्रुप स्टेज का मुकाबला भारत की सात्विक और चिराग की जोड़ी और फ्रांस की लुकास कोर्वी/रोनन लेबर की जोड़ी के बीच होगा. रात नौ बजे इंडियन मेन्स हॉकी टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी. रात 11.50 बजे वुमन्स बैडमिंटन डबल्स के ग्रुप स्टेज में अश्विनी पोनप्पा/तनिषा क्रैस्टो और किम सो येओंग/कोंग ही योंग (कोरिया) की जोड़ी के बीच मैच होगा.
रात 12.02 मिनट पर महिला बॉक्सिंग 54 किलोग्राम राउंड ऑफ 32 में भारत की प्रीति पवार और वियतनाम की थी किम अन्ह वो रिंग में आमने-सामने होंगी. आपको बता दें कि पेरिस ओलंपिक्स में भारत के सभी मैचों का टीवी पर लाइव टेलिकास्ट (Paris Olympics Live Streaming) स्पोर्ट्स 18 पर होगा. इसके अलावा आप ओटीटी पर भी भारत के मुकाबले देख सकते हैं.